Showing posts with label सम्मान. Show all posts
Showing posts with label सम्मान. Show all posts

Sunday, 18 October 2015

औकात है तो हमारा " प्यार " वापस दो !

देश के जाने माने शायर मुनव्वर राना का असली चेहरा आज सामने आया। इस उम्र में इतनी घटिया एक्टिंग एक राष्ट्रीय चैनल पर करते हुए उन्हें देखा तो एक बार खुद पर भरोसा नहीं हुआ। लेकिन चैनल ने भी अपनी टीआरपी को और मजबूत करने का ठोस प्लान बना रखा था, लिहाजा मुनव्वर राना का वो घटिया कृत्य बार बार दिखाता रहा। राना का फूहड़ ड्रामा देखकर एक बार तो ये भी भ्रम हुआ कि मैं टीवी का टाँक शो देख रहा हूं या फिर कलर्स चैनल का रियलिटी शो बिग बाँस देख रहा हूं। वैसे नफरत की राजनीति करने वाले राना अगर बिग बाँस के घर के लिए परफेक्ट हैं !


आइये अब पूरा मसला बता दे, रविवार के दिन आमतौर पर न्यूज चैनलों के पास करने को ज्यादा कुछ होता नहीं है। उन्हें कुछ सनसनी टाइप चीजों की जरूरत होती है। इसके लिए आज ABP न्यूज चैनल पर राजनीतिज्ञों के साथ साहित्यकारों को बैठाया गया और साहित्य अकादमी पुरस्कारों के वापस करने पर बहस शुरू हुई। सच ये हैं कि देश की जनता आज तक ये नहीं समझ पाई कि साहित्यकार अचानक सम्मान वापस क्यों कर रहे हैं। सोशल साइट पर तो भले ही बात मजाक में कही जा रही हो लेकिन कुछ हद तक सही भी लगती है। " शायद साहित्यकारों ने अपना ही लिखा दोबारा पढ़ लिया और उन्हें शर्म आ रही है कि ऐसी लेखनी पर तो वाकई अवार्ड नहीं बनता, चलो वापस कर दें " । मुझे तो हंसी इस बात पर आ रही है कि साहित्य अकादमी का पुरस्कार वापसी के बाद पता चल रहा है कि इन्हें भी मिल चुका है ये अवार्ड ।


चलिए अब सीधे मुनव्वर राना से बात करते हैं । जनाब आप तो कमाल के आदमी हैं, अवार्ड में मिले रुपये का चेक और मोमेंटो हमेशा साथ झोले में रख कर चलते हैं। आप तो टीवी शो पर एक बहस मे हिस्सा लेने आए थे, यहीं आपने चेक और मोमेंटो एंकर को थमा दिया। मै जानता हूं आपको खबरों और उसकी सुर्खियों में बने रहने का सलीका पता है। राना साहब ये सब संयोग तो बिल्कुल नहीं हो सकता । मैं तो दावे के साथ कह सकता हूं कि या तो आपने चैनल के साथ समझौता किया कि हम यहां अवार्ड वापस करेंगे और आपको उसके बाद पूरा शो इसी पर दिखाना है या फिर रायबरेली की उस पार्टी इशारे पर नाच रहे हैं जिसकी आप चरण वंदना करते नहीं थकते हैं। वैसे राना साहब आपके ही किसी शायर की दो लाइन याद आ रही है ....


कौन सी बात कब कहां और कैसे कही जाती है
ये सलीका हो तो हर बात सुनी जाती है । 

शायर की ये बेसिक बात भी आप भूल गए राना जी। न्यूज रूम कैमरा देख इतना भावुक हो गए कि आपने देश की इज्जत को ही दांव पर लगा दिया । चलिए मैं देखता हूं कि आप कितने अमीर हैं और  हमारे कितने अवार्ड  वापस करते हैं। अगर है आप में दम और औकात तो आपको सुनने के लिए देर रात तक मुशायरे में बैठे रहने वाला समय हमें वापस कीजिए। है औकात तो देशवासियों से मिली तालियां वापस कीजिए, है इतनी हैसियत तो हमारी वाहवाही भी वापस कीजिए। इतना ही नहीं अगर आपके पूरे खानदान की औकात हो तो देशवासियों ने जो प्यार आपको दिया है वो वापस कीजिए। राना जी राजनीति घटिया खेल है, इसमें कोई दो राय नहीं, लेकिन आप उसी घटिया राजनीति के शुरू से हिस्सा रहे हैं।


टीवी पर एंकर कमजोर थी, शो का प्रोड्यूसर भी शायद आपके बारे में ज्यादा जानकारी नहीं रखता था। वरना तो उसी ABP न्यूज चैनल पर आपका असली रूप दिखा और सुना भी सकता था। लोगों को भी आपकी असलियत का पता तो चलता । आप को कांग्रेस नेता सोनिया गांधी कितनी प्रिय हैं ये तो सबको पता होना ही चाहिए ।

सोनियां गांधी के चरणों में मुनव्वर राना की भेंट । पढ़ तो लीजिए ही उनकी भावनाओं को, लेकिन संभव हो तो यूट्यूब पर जाकर इसे राना साहब की आवाज में सुनें भी, देखिए कितना दर्द है उनके भीतर ...


एक बेनाम सी चाहत के लिए आयी थी,
आप लोंगों से मोहब्बत के लिए आयी थी,
मैं बड़े बूढों की खिदमत के लिए आयी थी,
कौन कहता है हुकूमत के लिए आयी थी ?
शिज्रा-ए-रंग-व-गुल-व-बू नहीं देखा जाता,
शक की नज़रों से बहु को नहीं देखा जाता !
रुखसती होते ही माँ बाप का घर भूल गयी,
भाई के चेहरों को बहनों की नज़र भूल गयी,
घर को जाती हुयी हर राहगुज़र भूल गयी,
में वह चिड़िया हूँ जो अपना ही शजर भूल गयी,
में तो जिस देश में आयी थी वही याद रहा,
होके बेवा भी मुझे सिर्फ पति याद रहा !
नफरतों ने मेरे चेहरे से उजाला छीना,
जो मेरे पास था वह चाहने वाला छीना,
सर से बच्चों के मेरे बाप का साया छीना,
मुझ से गिरजा भी लिया मेरा शिवाला छीना,
अब यह तकदीर तो बदली भी नहीं जा सकती,
में वो बेवा हूँ जो इटली भी नहीं जा सकती !
अपने घर में यह बहुत देर कहाँ रहती है,
लेके तकदीर जहाँ जाये वहां रहती है,
घर वही होता है औरत का जहाँ रहती है,
मेरे दरवाज़े पे लिख दो यहाँ माँ रहती है,
सब मेरे बाग़ के बुलबुल की तरह लगते है,
सारे बच्चे मुझे 'राहुल' की तरह लगते हैं !
हर दुखे दिल से मोहब्बत है बहु का ज़िम्मा,
घर की इज्ज़त की हिफाज़त है बहु का ज़िम्मा,
घर के सब लोंगों की खिदमत है बहु का ज़िम्मा,
नौजवानी की इबादत है बहु का ज़िम्मा आयी,
बाहर से मगर सब की चहीती बनकर,
वह बहु है जो रहे साथ में बेटी बनकर !



राना साहब आपकी हैसियत नहीं है देश से मिले सम्मान को वापस करने की। आपको देश से माफी मांगनी चाहिए । वरना देश आपको कभी माफ नहीं करेगा।






Sunday, 4 August 2013

बड़ी बहस : क्रिकेट का काठमांडू सम्मान !


ये तो आप भी मानते ही होंगे कि पाप का घड़ा एक ना एक दिन भरता जरूर है। अब क्या मेरी तरह आप भी विश्वास के साथ ये बात कह सकते हैं कि बीसीसीआई के हाशिए पर डाल दिए गए अध्यक्ष श्रीनिवासन के पाप का घड़ा भर गया है ? देखा जाए तो पहली नजर में तो यही लगता है। उनके चेहरे पर जो अहंकार दिखाई देता था, कल दिल्ली में बेचारगी दिखाई दे रही थी। देखने से ही लग रहा था कि वो अपने और दामाद के किए पर शर्मिंदा हैं, लेकिन आप जानते ही हैं कि रस्सी जल भी जाए तो उसकी ऐंठन नहीं जाती। लिहाजा उन्हें लगा कि हो सकता है कि उनकी दादागिरी जिस तरह अभी तक चलती रही है, शायद उनके रुतबे के आगे सब बौने हो जाएं और अध्यक्ष की कुर्सी पर फिर जम जाएं। पर प्यारे श्रीनिवासन आगे से जब दिल्ली आओ, तो एक बार यहां के लोगों से राय ले लिया करो, फायदे में रहोगे। ये दिल्ली है, कुर्सी किसी को आसानी से नहीं देती, हां यही बैठक अगर आप काठमांडू में कर लेते तो कोई पूछने ही वाला नहीं था। जिसको जैसे चाहते बेवकूफ बनाते, सब आपके सामने सिर झुकाए खड़े रहते। लगता है कि आप सोशल मीडिया से दूर है, वरना आपको काठमांडू के बारे में सबकुछ पता होता।

खेल के बारे में जब भी कुछ चर्चा करता हूं तो डर लगता है। मुझे लगता है कि पता नहीं आप लोगों को इसके बारे में कितना पता है। चलिए फिर भी दो चार बातें फटाफट बता देते है, उसके बाद असल मुद्दे पर चर्चा करेंगे। दरअसल बीसीसीआई ने आईपीएल के बारे में जो " रुल बुक " तैयार किया है उसमें साफ है कि अगर आईपीएल की किसी भी टीम के प्रबंधन से जुड़ा आदमी अनैतिक कार्य करता है, तो उस टीम को डिबार यानि अयोग्य़ घोषित कर दिया जाएगा। आपको जानते ही है कि चेन्नई सुपर किंग के मालिकों में श्रीनिवासन के अलावा उनका दामाद मयप्पन भी शामिल है, जबकि राजस्थान रायल्स में शिल्पा के पति राजकुंद्रा है। इन दोनों पर सट्टेबाजी के गंभीर आरोप हैं। राजस्थान टीम के तो कई खिलाड़ी और भी गंभीर हरकतों में पकड़े जाने पर जेल तक की हवा खा चुके हैं। लेकिन बड़ा सवाल ये है कि आखिर चेन्नई और राजस्थान की टीमों को अभी तक अयोग्य़ घोषित क्यों नहीं किया गया ? आपको पता है कि श्रीनिवासन बीसीसीआई के अध्यक्ष भी रहे हैं और उनकी टीम भी है। इसलिए उनके बारे में नियम कायदे की बात करना बेमानी है। मीडिया ने जब उनके दामाद मयप्पन, राजस्थान रायल्स के राजकुंद्रा के साथ बिंदू दारा सिंह की हरकतों के बारे में खबरें दिखाई तो कई हफ्तों के ड्रामें के बाद श्रीनिवासन बीसीसीआई से अलग होने को मजबूर गए। इतना ही नहीं जल्दबाजी में दो सदस्यों की एक कमेटी बना दी गई। इस कमेटी ने जांच कर अपनी  रिपोर्ट में श्रीनिवासन को क्लीन चिट्ट दे दी। लेकिन मुंबई हाईकोर्ट ने जांच कमेटी को ही अवैध बताकर उसकी रिपोर्ट खारिज कर दी।

इन सबके बाद भी श्रीनिवासन " मैं हूं डान " की स्टाइल में कुर्सी पर कब्जा करने की जुगत बैठाने लगे। अध्यक्ष का ख्वाब मन पाले हुए बेचारे दिल्ली तो आ धमके, लेकिन वो जिन लोगों के बूते दिल्ली आए थे, यहां उन्हीं लोगों ने उनकी खूब बजाई। बैठक के दौरान उनके खास लोगों ने ही उन्हें डराया धमकाया और कहाकि अब पूरा मामला कोर्ट में है। कोर्ट बीसीसीआई की हर गतिविधियों पर कड़ी नजर बनाए हुए है, लिहाजा ऐसा कुछ नहीं किया जाना चाहिए जिससे कोर्ट में अपना केस कमजोर हो। श्रीनिवासन चाहते थे कि वो ही इस मीटिंग की अध्यक्षता करें। जब उन्हें बताया गया कि इस होटल में तो आप कुछ भी कर सकते हैं, लेकिन कोर्ट ने अगर अपना रुख कड़ा कर लिया तो इसके बाद क्या होगा ? बताते हैं कि जो तस्वीर उनके सामने रखी गई, बेचारे श्रीनिवासन हिल गए। अब सोचा जाने लगा कि बाहर मीडिया वाले खड़े हैं, उन्हें क्या बताया जाए ? कहा गया कि वो कौन सा हमें नंबर देने वाले हैं, कुछ भी बता दो। बस मीटिंग रद्द हो गई और कहा गया कि मीटिंग का एंजेंडा ही तैयार नहीं था। ये सुनकर आपको भी हंसी आ रही होगी, हमें तो खैर आ ही रही है।

आइये एक मिनट सीरियस बात कर लें, आपको ये पता है कि देश में क्रिकेट के अलावा बाकी खेलों में उन्ही खिलाड़ियों को राष्ट्रीय सम्मान मिल सकता है, जिस खेल के महासंघ को भारत सरकार के खेल मंत्रालय से मान्यता मिली हुई है। मसलन कुश्ती, दौड़, टेबिल टेनिस, हाकी, टेनिस, तैराकी, बैडमिंटन कोई भी खेल हो, इससे से जुड़े महासंघ को अगर खेल मंत्रालय की मान्यता नहीं है तो कितना बढ़िया खिलाड़ी हो या फिर कितने ही पदक ही क्यों ना जीता हो, उसे सरकार मान्यता नहीं देती है, और ऐसे खिलाड़ी को कभी राष्ट्रीय सम्मान नहीं मिल सकता। मतबल ऐसे खिलाड़ी को पद्मश्री, पद्मभूषण या अन्य किसी भी सम्मान से नही नवाजा जा सकता है। लेकिन देश में क्रिकेट को लोग धर्म मानते हैं और सचिन जैसे खिलाड़ी को भगवान। यही वजह है कि सरकार के क्रिकेट के मामले में सारे नियम कायदे किनारे रह जाते हैं। यहां बीसीसीआई जो पैसे वालों का एक गिरोह है, वो जो भी चाहे कर सकती है। आज तक बीसीसीआई को खेल मंत्रालय की मान्यता नहीं है, पर तमाम क्रिकेटर को पद्मश्री और पद्मभूषण सम्मान मिल चुके हैं। अब तो बात इससे भी आगे की हो रही है है, वो ये कि क्रिकेटर को भारत रत्न दिए जाएं। हाहाहाहा.... आपने शोले पिक्चर देखी होगी, एक डायलाँग है ना, बसंती इन कुत्तों के सामने मत नाचना। मुझे भी लगता है कि अगर बीसीसीआई खेल मंत्रालय की मान्यता नहीं लेती है तो क्रिकेटरों को भी राष्ट्रीय सम्मान से वंचित कर दिया जाना चाहिए।

सच कहूं तो बीसीसीआई और क्रिकेटरों ने राष्ट्रीय सम्मान को काठमांडू सम्मान बना दिया है। मसलन कोई नियम कायदा नहीं। सम्मान किसको दिया जाएगा, सम्मान देने की प्रक्रिया क्या होगी, सम्मान के लिेए योग्यता क्या होगी, सम्मान के लिए निर्णयाक मंडल मे कौन होगा, कुछ भी से तय नहीं होगा। बस 4100 रुपये दो और सम्मान की पूरी प्रक्रिया इसी से पूरी हो जाएगी। मेरा मानना है कि ऐसे सम्मान खेल में तो नहीं बस ब्लाग में दिए जा सकते हैं। चलिए अंदर की बात बताते हैं। मेरे पिछले पोस्ट से ब्लाग परिवार में थोड़ी खलबली जरूर मची। वैसे एक बार आंख खोलने से आयोजकों की आंख खुल जाएंगी, अगर ऐसा कोई भी सोचता है तो मैं तो उसे 24 कैरेट का मूर्ख समझूंगा। लेकिन थोड़ा बहुत सुधार होगा, ये मुझे जरूर उम्मीद थी। काठमांडू सम्मान में भी थोडा बदलाव आया है। दो दिन पहले जिन नए आठ - दस नए लोगों का नाम सम्मान के लिए घोषित किया गया है। इसमें पहली बार ये बताने की कोशिश की गई है कि उन्हें किस क्षेत्र में सम्मान दिया जा रहा है। इसके पहले जो नाम थे, उन्हें तो यही लग रहा था कि ये 4100 रुपये का सम्मान है।

ये बात मैं इसलिए कह रहा हूं क्योंकि एक ब्लागर ने स्वीकार किया कि उसे नहीं पता कि ये 5100 रुपये मुझे क्यों दिए जा रहे हैं। बस मैं इतना कहूंगा कि हां मुझे काठमांडू में 5100 रुपये दिए जा रहे हैं। रुपयों के साथ ही कुछ कपड़े वपडे भी दिए जाने का वादा किया गया है। अब प्राइमरी स्कूल के बच्चों से भी पूछा जाए कि अगर 4100 रुपये खर्च करने पर 5100 रुपये हासिल होते हैं तो 4100 रुपये खर्च करने चाहिए या नहीं ? बच्चे का जवाब होगा कि बिल्कुल खर्च करना चाहिए। अब भाई लोग भले ही ये कहें कि सम्मान की पैसे से तुलना नहीं करनी चाहिए, लेकिन सच यही है कि पूरा मामला ही पैसे का है। वरना सम्मान के लिए ब्लागरों को लुभाने के लिए नई स्कीम ना जारी की गई होती।  जानते हैं अब नए सम्मान की जो सूची जारी की गई है, उसमें एक बदलाव देखा गया है। कहा जा रहा है कि तमाम कपड़े - वपड़े के साथ ही एक निश्चित धनराशि भी दी जाएगी। मुझे लगता है कि ये स्कीम इसलिए घोषित करनी पड़ी क्योंकि लोगों को पता चल गया कि भारतीय रुपये की कीमत नेपाल मे ज्यादा है। बहरहाम मुझे इस बात की खुशी है कि अब मेरे ब्लागर मित्रों को जो बेचारे पैसे जमा कर फंस गए हैं, उन्हें कुछ तो राहत मिलेगी ।  

आप भी जानते हैं कि आयोजक आसानी से सही रास्ते पर आएंगे,  इसकी तो किसी को उम्मीद नहीं है। लेकिन सामाजिक न्याय का यही तकाजा है कि एक ना एक दिन पाप का घड़ा भरता ही है। ऐसे में हम सब को भी इनके पाप के घड़े को भरने तक का इंतजार करना ही होगा। लेकिन मैं देख रहा हूं कि जिन लोगों का नाम सम्मान के लिए घोषित किया गया है, अब वो बेचारे जरूर सकते में हैं। सब एक बार सोचने पर मजबूर हो गए हैं कि कहीं वो वाकई ठगे तो नहीं जा रहे हैं ? 4100 रुपये कोई छोटी रकम तो है नहीं, ऊपर से काठमांडू पहुंचने का किराया भाड़ा अलग ! अब ये भी एक दूसरे से बात कर पूछ रहे हैं कि "आखिर मुझे ही सम्मानित क्यों किया जा रहा है ? ये बात ब्लागर सोचने को मजबूर है, क्योंकि उन्हें भी लग रहा है कि हमने ऐसा कोई तीर भी नहीं मार लिया कि सम्मानित होने के लिए मेरा पहला हक बनता हो ? ऐसा नही है कि इस सम्मान से सब पीछा ही छुड़ा रहे हों, कुछ लोग इस सम्मान के चक्कर में जगह-जगह प्रशंसा में खूब कमेंट कर रहे हैं, जिससे आयोजको का ध्यान उन पर भी जाए। मैं ऐसे लोगों को बता दूं कि घबराने की जरूरत नहीं है, जल्दी ही आयोजक ऐलान कर सकते हैं कि सम्मान के लिए 4100 रुपये के साथ अपना नाम खुद सूची में शामिल कर लें। चलिए ये तो ऐसा  मुद्दा है कि कभी खत्म ही नहीं होगा। इस पर तो लंबी बात चलती ही रहेगी, लेकिन मुझे इस बात की खुशी है कि कम से कम अब जितने भी लोग सम्मानित होंगे, उन्हें कुछ कम ही सही लेकिन रकम तो मिलेगी ना। चलते चलते एक बात बताऊं, अब लखनऊ में यही तय नहीं हो पा रहा है कि ब्लागर को किस कटेगरी में सम्मानित किया जाए ? चूंकि इतने ज्यादा  सम्मान है कि कटेगरी कम पड़ गई है। मित्रों ये बात आगे भी जारी रहेगी।





  

Saturday, 1 September 2012

सम्मान समारोह : ब्लागिंग का ब्लैक डे !


जी हैं आप मेरी बात से भले सहमत ना हों, लेकिन मेरे लिए 27 अगस्त " ब्लागिंग के ब्लैक डे " से कम नहीं है। मैं ऐसा क्यों कह रहा हूं कि इसके पर्याप्त कारण हैं। इस दिन ब्लागिंग में ईमानदारी की हत्या हुई, इस दिन ब्लागिंग में बडों के सम्मान की हत्या हुई, इस दिन हमारी सांस्कृतिक विरासत "अतिथि देवो भव" की हत्या हुई। सच कहूं तो कल को अगर इस दिन को कुछ लोग याद रखेंगे तो सिर्फ इसलिए कि इस दिन ब्लागिंग में लंपटई की बुनियाद रखी गई, जिसे अब सहेज कर रखने की जिम्मेदारी कुछ लोगों के कंधे पर है। हालाकि ये कंधे बहुत मजबूत हैं, इसलिए  वो  सबकुछ संभाल लेंगे, वैसे भी ये सब ऐसे ही धंधे में सने हुए हैं।

मैने तो इस आयोजन के शुरू में भी कुछ बातें सामने रखीं तो काफी लोगों ने कहा कि मैं बिल्कुल सच कह रहा हूं, कई ने तो मुझे यहां तक कहा कि इतना साफ-साफ कहने की हिम्मत आप ही कर सकते हैं, मेरे में तो ये बूता नहीं है। मैं हैरान था इस बात से कि यहां लोग इतना डरते क्यों हैं ? बहरहाल उस वक्त मैं नया नया था, सबको जानता समझता नहीं था। लेकिन अब ऐसा नहीं है, अब लोगों को जानता भले ही न हूं, लेकिन समझता सबकुछ हूं। चलिए भूमिका बहुत बना लिया अब सीधे सीधे मुद्दे की बात करते हैं।

रश्मि दीदी माफ कीजिएगा, मुझे शुरुआत आपकी बातों से करनी पड़ रही है। आपने सवाल उठाया है कि जिन लोगों को सम्मान दिया गया क्या वो इसके काबिल नहीं थे ? मतलब जिन लोगों को सम्मान नहीं मिला वो सम्मान के काबिल नहीं थे। यही कहना चाहतीं है ना आप। खैर सम्मान वम्मान छोड़िए। मेरी नजर में ना ये सम्मान मायने रखता है और ना ये कि किसे मिला किसे नहीं। लेकिन सम्मान की परिभाषा जरूर बदल दी आप लोगों ने। परिकल्पना दुनिया का पहला सम्मान है जो जीता जाता है। सम्मान पर कब्जा करने के लिए हमारे मित्रों ने कितनी  मेहनत की, लगातार वोटिंग के लिए मैसेज आ रहे थे। अगर सम्मान वोटिंग के आधार पर तय किया गया है कि तो इसमें सम्मान जैसा तो कुछ नहीं है, क्योंकि संसद में भी तमाम लोग जीत कर बैठे हैं, जिन्हें सड़क पर गाली देने से हम आप पीछे नहीं रहते। सम्मान के लिए तो  सम्मानीय लोग ब्लागर को चुनते, तो माना जाता है कि हां सम्मान है, ये तो वोटिंग से जीता गया है।

पहले तो इसमें दशक के ब्लागर का ही सम्मान होना था, लेकिन जब उसके तौर तरीके  पर सवाल उठने लगे, आयोजकों की भी किरकिरी होने लगी। तो लोगों को लगा कि कहीं ऐसे में ब्लागरों ने इस आयोजन से कन्नी काट ली तो क्या होगा ? आनन फानन में एक साजिश के तहत 40 और सम्मान जोड़ दिए गए। बस फिर क्या था, पूरी हो गई "अलीबाबा 40 चोर" की टीम। ब्लागर की आवाज को बंद करने का इससे नायाब तरीका हो ही नहीं सकता। इन्होंने पहले तो 40 लोगों को सम्मानित करने का ऐलान कर दिया। फिर हर वर्ग में तीन तीन ब्लागर का नाम शामिल कर दिया गया। अब 120 लोग सम्मान की कतार में आ गए। इतनी बड़ी संख्या में जब सम्मानियों की कतार लग गई तो सब के मुंह बंद हो गए।

वैसे सच तो ये है कि इन शातिर लोगों ने राजनेताओं को भी मात दे दिया। इन्होंने दशक के ब्लागर के नाम का ऐलान तो पहले कर दिया, लेकिन इन 40 में कौन कौन शामिल है। इनके नाम नहीं खोले गए। अलीबाबा को लगा कि अगर ये नाम खोल दूंगा तो 80 लोग तो तुरंत हमारी ऐसी तैसी करने लग जाएंगे। लिहाजा अच्छा है कि इन नामों का ऐलान वहीं किया जाए, इससे कम से कम आयोजन तक तो खामोशी बनी रहेगी, ये अपने मंसूबो में कामयाब भी हो गए। अब सब के सब लग गए किसी तरह जोड़ तोड़ कर अपना नाम सम्मानित होने वालों की सूची में शामिल कराने में,  अपनी ब्लागिंग की जिम्मेदारी सब भूल गए। उस समय भी हमने सबको चेताने की कोशिश की थी कि " सम्मान से बहुत बड़ा है आत्मसम्मान " लेकिन मेरी बात भला क्यों सुनी जाती।

और हां आयोजकों को इस मामले में भले ही शर्म ना आए, लेकिन मुझे आती है। इतना ही नहीं हर स्वाभिमानी आदमी को आनी भी चाहिए। क्योंकि मैं हैरान हूं इस बात से कि इस आयोजन को अंतर्राष्ट्रीय हिंदी ब्लागर सम्मान समारोह का नाम कैसे दिया जा सकता है। तीन भारतीय जिनका विदेशों में कारोबार है। वो ब्लागिंग में रुचि रखते हैं और वो अपने काम से देश आते हैं और आपके कार्यक्रम मे शरीक हो जाएं हैं तो आपका समारोह अंतर्राष्ट्रीय हो जाता है। अंतर्राष्ट्रीय स्तर के आयोजना का यही मापदंड है। सवाल उठता है कि ऐसे सफेद झूठ बोलने के पीछे क्या वजह हो सकती है ? मुझे जो समझ में आता है वो तो यही कि इससे आपको धन संग्रह करने में थोड़ी आसानी हो जाती है। जो लोग आपको 10 रुपये देना चाहते हैं, आप उन्हें अंतर्राष्ट्रीय समारोह बता कर बीस रुपये वसूल सकते हैं। फिर आद. रुपचंद्र शास्त्री जी ने भी किसी ब्लागर का नाम लिया है जो केद्रीय विद्यालय में अध्यापिका हैं, उन्हें लंदन का बताया गया है। कुल मिलाकर मैं दावे के साथ कह सकता हूं कि इसें अतर्राष्ट्रीय स्तर का समारोह बताने के पीछे इनकी मंशा साफ नहीं थी, इसके पीछे छिपा एजेंडा था, उसे आप समझ गए होंगे।

मेरी थोड़ी सी नाराजगी शिखा वार्ष्णेय से भी है। आप मंचासीन थीं, आप नहीं जानतीं कि रुपचंद्र शास्त्री जी का हिंदी ब्लागिग और ब्लागर के बीच क्या सम्मान है। इस पर तो हिंदी ब्लागर में वोटिंग करा ली जानी चाहिए कि क्या शास्त्री जी को मंच पर स्थान नहीं मिलना चाहिए था ? मुझे पता है कि जब लोग देश छोडकर बाहर जाते हैं तो अपनी संस्कृति  और सभ्यता से भी बहुत दूर हो जाते हैं। वरना शिखा से ऐसी  उम्मीद नहीं की जा सकती थी। उन्हें चाहिए था कि वो अपना स्थान शास्त्री जी के लिए खाली करतीं, इससे आयोजक मजबूर हो जाते एक वरिष्ठ ब्लागर को सम्मान देने के लिए। और हां माफ कीजिएगा शास्त्री जी जिन दो आदमी के हस्ताक्षर वाला प्रमाण पत्र आप लेने के लिए मंच पर चले गए, ये गल्ती आपने भी की है। कम से कम आपके प्रमाण पत्र जो हस्ताक्षर है वो इस काबिल नहीं है।

मुझे लगता है कि मैने ये बात क्यों कही कि इस आयोजन से ईमानदारी की हत्या हुई, बड़ों के सम्मान की हत्या हुई और हमारी विरासत अतिथि देवो भव की हत्या हुई, अब आपके समझ मे आ गई होगी। आप दुनिया भर से लोगों के आने का दावा करते हैं और उनके ठहरने के नाम पर कह देते हैं कि ये हमने कब कहा कि हम आपके रुकने का इंतजाम करेंगे ? इसे ही अंतर्राष्ट्रीय स्तर का समारोह कहते हैं ? भाई हिंदी के सारे ब्लागर चंदा-चुंदी नहीं करते हैं, वो किसी तरह ब्लागिंग कर लेते हैं और आप जैसे लोगों के आयोजन को कामयाब  करने के लिए लंबा सफर तय कर आप तक पहुंच जाते हैं, यही बहुत है। जब किसी समारोह का नाम अंतर्राष्ट्रीय कहते हैं तो उसका स्तर क्या होना चाहिए ये भी जानना जरूरी है।

रश्मि दीदी बड़ी हैं, मैं व्यक्तिगत रुप से उनका बहुत आदर करता हूं। लेकिन मैं उनकी इस बात से कत्ताई सहमत नहीं हूं कि जब किसी कार्यक्रम की आलोचना हो तो ये भी उस आयोजन की कामयाबी का पैमाना है। उनकी इस बात से मैं हैरान हूं। एक अक्षम्य अपराध को जब कामयाबी का पैमाना बताया जाए तो समझ लिया जाना चाहिए ऐसे संगठन का भावी कार्यक्रम कितना बदसूरत हो सकता है। वैसे बड़े होने के नाते आपका फर्ज था कि इस बेवजह की बहस को बंद होना चाहिए और परिचर्चा में लिखने आपका मकसद भी मुझे तो यही लगता है। लेकिन मुझे अच्छा लगता कि आप आयोजन की खामियों के लिए दो बातें आयोजकों को भी समझाते हुए कहतीं । बहरहाल मैं अपने विचार आप पर थोप नहीं सकता,  आपको जैसा लगा वो आपने व्यक्त किया। खैर.. एक शेर याद आ रहा है कि ..

जी चाहता है तोड़ दूं शीशा फरेब का,
अफसोस मगर अभी तो खामोश रहना है।

मित्रों मैं इस बात को नहीं समझ पाता हूं कि हम सही को सही कहने की हिम्मत रखते हैं, लेकिन गलत को गलत कहने में हमारी हिम्मत कहां चली जाती है। पिछले दिनों मैने जब इस समारोह के बारे में लिखा तो बहुत सारे लोगों ने मुझे फोन कर शुक्रिया कहा और ये भी कहा कि आपने सच कहने की हिम्मत की। एक ब्लागर की बात तो मैं आज भी नहीं भूल पाया हू, जिन्होंने मुझे बताया कि उन्हें "वटवृक्ष" का सह संपादक बनाने के लिए पैसे लिए गए। जब हिंदी की सेवा करने का दावा करने वालों का चेहरा ऐसा हो तो आसानी से समझा जा सकता है कि इन सबकी आड़ में असल में क्या खेल चल रहा है। फिर मुझे तो इसलिए भी हंसी आई कि इस अंतर्राष्ट्रीय समारोह में इन्हें मुख्य अतिथि कोयला मंत्री ही मिले, जिस मंत्रालय की कारगुजारी की वजह से देश की संसद कई दिनों से ठप है। खैर अच्छा हुआ वो नहीं आए। चलिए आयोजन के जरिए यहां भी खेल करने के लिए एक और जुगाड़ की बुनियाद रख दी गई है,  स्व. राम मनोहर लोहिया के नाम पर अब ब्लागरों का कल्याण किया जाएगा। हाहाहहाहा..

माई आन्हर, बाऊ आन्हर,
हम्मैं छोड़ सब भाई आन्हर,
केके केके दिया देखाई
बिजुरी अस भौजाई आन्हर।

(स्व. कैलाश गौतम)





Sunday, 20 May 2012

सम्मान से बहुत बड़ा है आत्म सम्मान ...


सच कहूं तो इस समय देश की ही ग्रह दशा ही खराब है। हर जगह गंदगी और बेईमानी का का बोलबाला है। लगता है कि सच्चाई और ईमानदारी आज कल किसी हिल स्टेशन  पर बैठकर देश में हो रहे तमाशे को देख रही हैं। बात करें राजनीति की  तो जेल में बंद राजा छूटते ही संसद भवन पहुंच गए और सबसे पहले उन्होंने कलमाड़ी से हाथ मिलाया, आंखो आंखो में कुशल मंगल पूछ लिया। खेल के मैदान में जो हो रहा है वो भी किसी से छिपा नहीं है। अमेरिका में शाहरुख खान के कपड़े उतरवा कर सुरक्षाकर्मियों ने जांच की तो वहां ये जनाब गीद़ड बने रहे, मुंबई में सुरक्षाकर्मी ने कुछ कहा तो जिंदा गाड़ने की बात करने लगे। अब रही सही कसर माल्या टीम के आस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ल्यूक पामर्शबैक ने अमेरिकी लड़की के साथ दुर्व्यवहार कर पूरी कर दी। राष्ट्रपति चुनाव में भी कुत्ता फजीहत शुरू हो गई है, शर्मिंदगी की बात ये है कि एक पढ़ा लिखा आदमी कह रहा है कि इस बार किसी आदिवासी को राष्ट्रपति बनाया जाना चाहिए। अब राष्ट्रपति जैसे अहम पदों पर भी जात पात की बात खुल कर करके शर्मनाक हालात पैदा किए जा रहे हैं। कल को कोई कहेगा कि विकलांग कभी राष्ट्रपति नहीं बना तो क्या विकलांग को बना देंगे। सेना में सबसे ज्यादा ईमानदारी की बात होती थी, बेचारे ईमानदार सेनाध्यक्ष के पीछे आर्म्स दलाल पड़ गए और उन्हें साल भर पहले ही रिटायर होने के लिए मजबूर कर दिया गया। बाजार की रौनक भी गायब है, डालर के मुकाबले रुपया अब तक के न्यूनतम स्तर यानि एक डालर की कीमत आज 54.54 रुपये हो गई है। चलिए भूमिका बहुत हो गई, विषय पर आते हैं।

राजनीति में सौ सौ जूते खाने पड़ते हैं,
कदम कदम पर सौ सौ बाप बनाने पड़ते हैं।

हाहाहाह... जब सब जगह गिरावट और अवमूल्यन हो रहा हो तो बेचारा ब्लाग जगत अपनी अस्मिता कैसे बचाए रख सकता है। ऐसा तो है नहीं कि ये किसी मजबूत आधार पर टिका है, यहां कोई ऐसा है, जिसकी सब रिस्पेक्ट करते हों। दूसरों की तो बात ही अलग है, खुद अभी क्या कह रहे हैं, थोड़ी देर बाद क्या कहेंगे, ये कहना भी मुश्किल है। अब ग्रह और नक्षत्रों के बारे में मुझे ज्यादा जानकारी नहीं है, हां बहन संगीता पुरी अगर कुछ मदद कर सकें तो वाकई कुछ सकारात्मक हल निकल सकता है। रास्ते से भटके लोगों को ज्योतिष ज्ञान के जरिए कम से कम सही रास्ता तो पुरी दीदी बता ही सकती हैं, मानना और ना मानना उनके हाथ में तो है नहीं। अगर लोगों ने उनके रास्ते को अपनाया तो हो सकता है कि कुछ परिवर्तन देखने को मिले,  वरना क्या है, जैसे चल रहा है, चलता रहेगा।

आप सब जानते हैं कि शरीर में अगर सबसे महत्वपूर्ण कोई हड्डी है तो उसे रीढ़ की हड़डी कहते हैं। इस हड्डी के बिना शरीऱ की कल्पना करने भर से मन घबरा जाता है। लेकिन मुझे हैरानी होती है कि इस हड्डी के रहते हुए भी तमाम ब्लागर्स का व्यवहार ऐसा दिखाई दे रहा है जैसे उनके शरीर में इस हडडी ने काम करना ही बंद कर दिया है या फिर ये हड्डी उनके शरीर में है ही नहीं। सच्चाई ये है कि जब आप गलत होते हैं, तो आप कितना भी खुद को मजबूत दिखने की कोशिश करें, आपकी कमजोरी बार बार आपके सामने आकर खड़ी हो जाती है और चेताती है कि ये गलत कर रहे है। आमतौर पर लोग यहीं अपनी गल्तियों को सुधार लेते हैं, लेकिन अपने मन की न सुनकर भी जब लोग गल्तियां करने पर अमादा रहते हैं तो ऐसे लोग ईमानदार भी नहीं रह जाते। वजह साफ है कि जो आदमी अपने मन की सुनकर भी खुद को दुरुस्त नहीं करता, वो दूसरों की सुनकर भला खुद को क्यों दुरुस्त करेगा। क्योंकि फिर तो उसमें अहम आ जाता है कि ये हैं कौन जो मुझे सलाह दे रहे हैं।

ये वो स्थिति होती है, जहां आदमी के खुद का विवेक शून्य हो जाता है, अब वो कोशिश करता है जनसमर्थन जुटाने का। आप जानते ही हैं कि जनसमर्थन के लिए नीति नियम तो कोई मायने रखते नहीं। क्योंकि इसकी भी सुननी पड़ेगी और उसकी भी। इन  दोनों  के बीच में हालत ये होती है कि बस बेचारी सच्चाई और ईमानदारी पिसती रहती है। आप जानते हैं ईश्वर को पता है कि आदमी ज्यादा ज्ञानी हुआ तो वो ईश्वरीय सत्ता को भी चुनौती दे सकता है, लिहाजा उन्होंने दो अधिकार अपने पास रखे। आदमी का जन्म और मृत्यु। मतलब हम चाहें या ना चाहें जन्म लेगें ही और न चाहते हुए भी मृत्यु भी तय है। अब हमारे पास जन्म से मृत्यु के बीच जो समय है, उसी के दायरे में रहकर अपने जीवन कर्तव्य का निर्वहन करना होगा। देखिए ऐसा नहीं है मैं ज्ञान की कोई ऐसी बातें कर रहा हूं जो आपको नहीं पता है, बल्कि आप सब हमसे ज्यादा जानने वाले लोग हैं। बस फर्क इतना है कि मेरी रीढ़ की हड्डी बहुत मजबूत है, लिहाजा मैं स्वाभिमान से कत्तई समझौता नहीं करता। फिर मैं जिस प्रोफेशन में हू, यहां मेरी रोजाना तरह तरह के लोगों से मुलाकात होती है। इस दौरान मैं देखता हूं कि नेता या नौकरशाह कितना भी बड़ा क्यों ना हो, अगर वो ईमानदार नहीं है तो उसमें नैतिक साहस भी नहीं होता है और दो तीन सवालों के बाद ही वो डगमगा जाता है।

कुछ ऐसी ही हालत आज परिकल्पना परिवार की देख रहा हूं। दशक के ब्लागर के बारे में मेरी एक सहज टिप्पणी थी कि ये मतदान की प्रक्रिया वाकई ठीक नहीं है। इसमें ब्लाग के वरिष्ठ लोगों को चाहिए कि वो कुछ लोगों का नाम शामिल कर दें। हम सब  यहां सीनियर्स की रिस्पेक्ट करते हैं, वही नाम अंतिम हो जाएंगे। लेकिन जब किसी व्यक्ति का अहम पूरे सिस्टम पर भारी होता है तो वो खुद को ज्ञानवान और सामने वाले को मूर्ख समझता है। फिर ये अहम उसका उस समय साथ छोड़ देता जब उसकी  उसे बहुत ज्यादा जरूरत होती है। आज हमारे आदरणीय का अहम कहां चला गया ? लोकतंत्र की बड़ी बड़ी बातें हांकने वाले आज समझौतावादी कैसे हो गए ? हैरान करने वाली बात ये है कि एक दूसरे ब्लागर साथी ने जब कहा कि ये मतदान तो वाकई ठीक नहीं है तो 48 घंटे बाद के रुझान में भाई का नाम शामिल हो गया।  अब देखिए एक साहब का सुझाव आया कि  आपने एक भी दलित ब्लागर का नाम शामिल नहीं किया। इस सुझाव देने वाले का तो भगवान ही मालिक है, पर इस सुझाव को स्वागत योग्य बताकर हमारे आदरणीय भाई ने सम्मान की मर्यादा ही खत्म कर दी। अरे हम दशक का ब्लागर चुनने जा रहे हैं या यहां दलित, पिछडा, अल्पसंख्यक, विकलांग, सीनियर सिटिजन, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, कैसर और एड्स रोगी का कोटा थोडे ही भरने जा रहे हैं ?


हर शख्स अपनी तस्वीर को बचाकर निकले,
ना जाने किस मोड़ पर किस हाथ से पत्थर निकले।



दरअसल मैने कहा ना कि जब आदमी ईमानदार ना हो तो वह क्या कह रहा है, क्या कर रहा है, खुद नहीं समझ पाता। अगर ऐसा होता तो जो बातें डा. दिव्या की हमारे भाई को आसानी से समझ में आ गईं वही बातें मैने कहीं थी तो उन्हें समझ में क्यों नहीं आई ? मैने कहा तो मुझसे कुतर्क करते रहे। तब मुझे लगा कि भगवान राम ने ठीक ही कहा था कि "भय बिन होय ना प्रीत"। क्योंकि सभी को पता है कि मैं अपनी बातें बहुत ही संयम तरीके से कहता हूं, आप माने ना माने मेरी बला से। लेकिन डा. दिव्या बहन आयरऩ लेडी है, वो पहले आराम से बात समझाने की कोशिश करतीं है, अच्छा हो कि लोग बात यहीं आसानी से समझ जाएं, वरना फिर तो उसकी खैर नहीं। क्योंकि सब जानते  हैं कि परिकल्पना से कहीं ज्यादा उनकी पाठक संख्या है। वो कुछ कहतीं है तो समझ लेना चाहिए कि ब्लाग का एक बडा तपका ये बात कह रहा है। परिकल्पना से कई गुना उनकी पाठक संख्या भी है। ऐसे में जब उन्होंने ये मु्ददा उठाया तो परिकल्पना परिवार में हडकंप मच गया। उन्हें लगा कि विरोधियों की ताकत बढ़ रही है, बस उन्हें अपने खेमें में करने की साजिश शुरू हो गई। लेकिन उनके आड़ मे जो कुछ किया जा रहा है, उससे बदबू आ रही है।

वैसे मैं बहुत ही अदब के साथ आप सबसे कहना चाहता हू कि डैमेज कंट्रोल का सबसे बेहतर तरीका यही था कि परिकल्पना परिवार आपस में बैठता और लोगों की राय जो  ब्लाग पर आ चुकी है, उसके आधार पर कुछ अहम फैसला करता। लेकिन उन्हें  लगता  है कि ब्लाग पर उनके खिलाफ कोई आंदोलन चल रहा है, लिहाजा अपनी संख्या में इजाफा करने की रणनीति बनाई जा रही है, उनका पूरा समय इसी रणनीति पर काम करने में जाया हो रहा है। वैसे इसके लिए जो कुछ किया जा रहा है, वो साहित्य समाज पर ऐसा काला धब्बा है, जिसका दाग कभी मिटने वाला नहीं। नाराज लोगों के मुंह बंद कराने के लिए उनका नाम सम्मान सूची में डाला जा रहा है। ज्यादा नाराजगी हुई तो हो सकता है कि उन्हें दिल्ली आने जाने के लिए हवाई जहाज का टिकट और यहां पांच सितारा होटल का प्रबंध कर दिया जाए। वैसे ये सबके लिए तो संभव नहीं है, गुड लिस्ट वाले ही इसका लाभ उठा पाएंगे। बहरहाल अब कौन समझाए आयोजकों को ? वे कुछ लोगों को तो पांच सितारा होटल और हवाई जहाज का टिकट दे सकते हैं, पर 41 को देना तो मुझे नहीं लगता कि इनके लिए संभव होगा। फिर जिन लोगों का नाम मजबूरी मे रखा गया है, उन्हें तो तारीख बता दी जाएगी और कहा जाएगा कि वो खुद ट्रेन से पहुंचे। खैर डैमेज कंट्रोल का जो तरीका अपनाया जा रहा है उससे तो मुझे लगता है कि ये आयोजक या तो बेचारे बहुत सीधे हैं या फिर 24 कैरेट के मूर्ख। क्योंकि कोई भी ब्लागर दशक के पांच ब्लागर में नहीं चुना जाता है, तो उसे ज्यादा तकलीफ नहीं होगी, उसे लगेगा कि पांच लोगों को ही तो चुनना था, नहीं आया होगा मेरा नाम। पर अब 41 में नाम नही आया तब तो खैर नहीं। उसे लगेगा कि जरूर कुछ गडबड़झाला है। यहां मैं आपको लालू यादव का उदाहरण देना जरूरी समझ रहा हूं। बेचारे लालू ने सोचा कि अपने निर्वाचन क्षेत्र के हर गांव से एक युवा बेरोजगार को रेलवे में नौकरी दे दें। सोचा तो उन्होंने खराब नहीं था, और नौकरी दे भी दी, पर इससे पूरा निर्वाचन क्षेत्र नाराज हो गया कि इतने बड़े गांव से एक को ही नौकरी दी, पूरे गांव को लगा कि मेरे बेटे को नही दी। हालत ये हो गई कि वो अपने पुराने निर्वाचन क्षेत्र यानि जहां उन्होंने नौकरी दी थी वहां से चुनाव हार गए। लालू अगर इस बार दो जगह से चुनाव न लड़े होते तो बेचारे संसद भी न पहुंच पाते।

चलिए दूसरों की बातें बहुत हो गईं। अपनी बात की जाए और मेरा मानना है कि आत्मसम्मान से बढ़कर कोई सम्मान नहीं हो सकता। फिर जब मैं देख रहा हूं कि सम्मान देने वाला ही अपने आत्मसम्मान को गिरवी रख चुका है तो ये सम्मान महज छलावा, जालसाजी, डैमेज कंट्रोल से ज्यादा कुछ हो ही नहीं सकता। मैं एक बार फिर डा. दिव्या का आभारी हूं कि उन्होंने मेरे नाम का जिक्र सम्मान के लिए किया, पर मैं दिल से जानता हूं कि मैं इसके काबिल नहीं हूं, क्योंकि मेरा आत्मसम्मान अभी जिंदा है। लिहाजा मेरे नाम पर कत्तई विचार ना किया जाए। हां आयोजकों को एक सलाह और कि वो इसी तरह के शिगूफे छोड़ते रहें, जिससे लोग कम से कम खामोश रहेंगे, उनमें उम्मीद होगी कि हो सकता है उनकी भी लाटरी लग जाए। अगर आपने आयोजन के पहले ही सम्मान सूची घोषित कर दी, फिर तो भइया खैर नहीं। वैसे सच में इतना गंदा खेल पहले नहीं देखा था।

नोट.. मित्रों आप सब मेरी ताकत है, इसके बाद भी मेरी सलाह है कि अगर आप सम्मान पाना चाहते हैं तो प्लीज यहां बिल्कुल कमेंट मत कीजिए। यहां सिर्फ वो कमेंट कर सकते हैं जिनके लिए सम्मान से बढ़कर आत्मसम्मान है। मैं आपको सम्मान भले ना दिला सकूं, पर आत्मसम्मान की वो ऊंचाई जरूर दे सकता हूं, जहां से आपको ये सब जो हो रहा है बहुत छोटा और बौना लगेगा।

कबिरा खड़ा बाजार में, लिए लुकाठी हाथ,
जो घर फूकै आपनो, चले हमारे साथ।


 

Wednesday, 16 May 2012

ये है साजिश का सम्मान ...


 दो दिन में ब्लागर्स के 40 से ज्यादा फोन अंटैंड कर चुका हूं, फोन रिसीव करते ही दूसरी ओर से आवाज आती है,  श्रीवास्तव जी बोल रहे हैं, हां बोल रहा हूं, बहुत बहुत मुबारकबाद। फिर वो अपना परिचय देते हैं, बात आगे बढ़ती है। मैने पहले दो चार फोन अटैड किए और दूसरी ओर से मुझे मुबारकबाद दी गई तो मैं हैरान हो गया कि आखिर ऐसी कौन से खुशी है, जो मुझे नहीं मालूम और हमारे ब्लागर बंधुओं को इसकी जानकारी हो गई। बहरहाल बात-चीत में पता चला कि परिकल्पना के चुनाव के तरीकों पर मेरा जो संवाद रविंद्र प्रभात से टिप्पणी के जरिए हुआ ये इनके भी दिल की आवाज थी, लेकिन इनमें से कुछ लोग डरते हैं और कुछ लोग इस टीम से बात करना ही पसंद नहीं करते। अच्छा मैं यहां कोई मोर्चा लेने तो आया नहीं हूं, मैने तो रवींद्र जी की सूचना पर मन में उठी एक स्वाभाविक टिप्पणी की थी । लेकिन अगले दिन खुद रवींद्र जी आक्रामक हो गए और उन्होंने अपने दूसरे लेख में ये बताने की कोशिश की कि मैं लोकतांत्रिक व्यवस्था में विश्वास ही नहीं करता। दुनिया भर में चुनाव को लोकतंत्र का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा माना जाता है, और मैं इस चुनाव का विरोध कर रहा हूं, जबकि ऐसा बिल्कुल नहीं था और ना है। बस प्रभात जी अपनी गलत और बात को सही साबित करने के लिए कुतर्क करते रहे और सच की हत्या न हो जाए, इसलिए मुझे उनकी बातों का मजबूरी में जवाब देना पड़ता रहा।
दरअसल कुछ लोगों की आदत होती है या कहें एक तपका ऐसा है जो एक झूठ को तब तक दोहराता रहता है, जब तक वो लोगों को सही ना लगने लगे। अगर आप पहले से आमादा हैं कि आपको कुछ खास लोगों को सम्मानित करना है तो उसके लिए बेवजह का ड्रामा क्यों किया जा रहा है। आप साफ सुथरे तरीके से कहिए कि हमारे निर्णायक मंडल ने इन पांच लोगों को 2012 के सम्मान के लिए चुनाव है। अरे आप कौन सा पदमश्री देने जा रहे हैं कि कोई ऊंगली उठाएगा। तकलीफ तब होती है जब आप बड़ी बड़ी बातें करते हैं और असल तस्वीर कुछ और ही होती है। हम सब जानते हैं कि परिकल्पना सम्मान के लिए कुछ लोगों ने पहले तो 41 लोगों के नाम तय किए। इसकी क्राइट एरिया क्या थी, ये साफ नहीं है। अच्छा आपने अगर 41 लोगों का नाम चुन ही लिया था तो ये वोटिंग में "अन्य" का कालम क्यों दिया ? क्या आपको अपनी इस टीम पर भरोसा नहीं था। अच्छा अगर आप पारदर्शिता दिखाते हुए ये अधिकार ब्लागर को देना चाहते थे कि उनके वोटों के आधार पर पांच नाम तय होंगे, तो क्या आपने जो 41 नाम घोषित किए हैं, उससे ऐसा नहीं लगता है कि ये उन लोगों के साथ बेईमानी है जिनके नाम आपने नहीं दिए।
ईमानदारी तो तब होती जब एक पांच या उससे अधिक लोगों की टीम बनाकर पूरी जिम्मेदारी उनके हवाले कर देते। ये टीम लोगों से आवेदन मांगती, वो जांच पड़ताल करती कि क्या ब्लाग पर जो सामग्री है, वो उनकी अपनी है, क्योंकि बहुत सारे ब्लाग में दूसरों की रचनाएं होती हैं। बहुत सारे ब्लाग में चोरी की रचनाएं होती हैं। बहुत सारे ब्लाग कई मामलों को लेकर विवादित हैं, क्योंकि परिकल्पना एक साहित्यिक मंच है और यहां साफ सुथरे नामांकन जरूरी है। लेकिन ऐसा कुछ नहीं किया गया, फिर ये भी तय होता कि वोट कौन दे सकता है, कम से कम इतना तो किया ही जा सकता था कि जिनके ब्लाग कम से कम साल या छह महीने पुराने हों, वही वोट दे सकते हैं। इससे फर्जी वोटिंग पर रोक लगती। यानि अभी लोग आज ब्लाग बनाकर वोट नहीं डाल सकते थे। अब इन बातों की ओर मैने ध्यान आकृष्ट किया मुझे कहा गया कि मेरा चुनाव और लोकतंत्र में विश्वास ही नहीं है।
               
महसूस होता है ये दौर-ए तबाही है
शीशे की अदालत है, पत्थर की गवाही है.
दुनिया में कहीं ऐसी तहरीर नहीं मिलती.
कातिल ही मुंसिफ है कातिल ही सिपाही है

जब सम्मान के लिए ब्लाग का नामांकन आपने किया, वोट देने की अपील भी आप कर रहे हैं, वोटों की गिनती भी आप करेंगे  और रिजल्ट आप ही घोषित करेंगे। ये लोकतंत्र है। इसे ही आप कहते हैं कि लोकतंत्र में चुनाव सबसे महत्वपूर्ण होता है। और अगर मुझे आप पर शक हो, तो इसकी शिकायत का कोई फोरम है ? बहरहाल आपकी परिकल्पना है, आप सम्मान दे रहे हैं, आप अपने लोगों को चुनें, उन्हें बडे़ से बडा पदक दें, इन सबसे किसी को कोई शिकायत नहीं है। शिकायत ये है कि आप उस पर हम सबका ठप्पा लगवाने की कोशिश ना करें। फिर मैने ही नहीं अगर किसी का कोई सुझाव है तो उसे आइना मत दिखाइये। आप अपने को बुद्धिमान समझे, मुझे लगता है कि किसी को इससे शिकायत नहीं होगी। लेकिन आप सामने वाले को मूर्ख समझें तो मेरे जैसे स्वाभिमानी आदमी को तो जरूर होगी।

हां एक सवाल और बहुत लोगों ने उठाया है कि ब्लागिंग के दस वर्ष हुए हैं या नहीं। नेट पर देखने से इस मामले में साफ तौर पर कुछ भी नहीं कहा गया है। लेकिन ब्लागिंग खासतौर पर इगलिश ब्लागिंग 1993 के आसपास शुरू हो चुकी थी। ये अलग बात है। मैं कहता हूं कि अगर मुझे कोई संदेह है और मैं इस मामले में एक टिप्पणी करता हूं, और आपको लगता है कि मैं गलत कह रहा हूं, तो आप तथ्यों के साथ मेरी जानकारी दुरुस्त कर सकते हैं। अदा जी से मेरी कोई मुलाकात नहीं है, लेकिन मैं उन्हें पढता रहा हूं और उनका प्रशंसक हूं। अगर उन्होंने एक कमेंट में कहा कि ब्लागिंग को अभी दस वर्ष नहीं हुए तो आप जिनका सम्मान कर चुके हैं, उसे ही नसीहत दे रहे हैं कि आप अपने ब्लाग का वर्ष ना बताएं। मैं तो इस जवाब से भी हैरान हूं।
बहरहाल मै पहले भी बता चुका हूं कि मैने अपने मन में उठी एक स्वाभाविक प्रतिक्रिया व्यक्त की थी। मैं यहां किसी गुट का सक्रिय सदस्य नहीं हूं। लेकिन मेरी टिप्पणी पर जिस तरह की प्रतिक्रिया आई वो तथ्यात्मक रुप से तो बिल्कुल गलत थी ही, असभ्य भी थी। मैने जितनी बातें की सभ्यता की लक्ष्मण रेखा के दायरे में रह कर ही की। मेरा ये स्पष्ट मत है कि अगर आप किसी काम की अगुवाई नहीं कर सकते और कोई दूसरा व्यक्ति कर रहा है तो उसमें नुक्ताचीनी करने का हक नहीं है। इसलिए मेरा कोई नुक्ताचीनी का मकसद ही नहीं था, बस अगर मेरे मन में सवाल है, तो उसे उठाने में हर्ज क्या है ? इतना ही मेरा मकसद था। 
लेकिन मैं परिकल्पना और वटवृक्ष से जुडे साथियों को बता देना चाहता हूं कि यहां लोग बहुत धैर्यवान हैं। दो दिनों में जितने फोन मैने अटेंड किए और जिस तरह की बातें सामने आईं, मै समझ नहीं पा रहा हूं कि क्या साहित्य जगत में ऐसा भी होता है। मीडिया से जुडे होने की वजह से मीडिया और राजनीति की गंदगी से तो बखूबी वाकिफ हूं, पर मुझे लगता था कि साहित्य में अभी सुचिता बनी होगी। लेकिन यहां तो तस्वीर और भयावह है। और देखिए लोग पीड़ित भी हैं, फिर भी बेचारे बोल भी नहीं पा रहे हैं। कहते हैं फिर लोग मुझे बिल्कुल अलग थलग कर देगें। कहावत है कि मारे  और रोने भी ना दे। मैने अपनी पहली टिप्पणी में आगाह किया था चुनाव के जरिए कहीं लालू, राजा, कलमाडी जैसे लोग वोटों का जुगाड़ ना कर लें। मसलन गलत लोगों को यहं आने से रोकना चाहिए। पर मैं स्वीकार करता हूं कि मुझे ये लाइन नहीं लिखनी चाहिए थी, हां मैं गलत था. क्योंकि यहां राजा, कलमाडी, कनिमोझी सब तो पहले से ही मौजूद हैं, फिर मैं क्यों उन्हें कोस रहा हूं। आखिर में

ना समझोगे तो मिट जाओगे ऐ हिन्दोस्तां वालों ।
तुम्हारी दास्तां तक भी न होगी दास्तानों में।।