Showing posts with label परिकल्पना. Show all posts
Showing posts with label परिकल्पना. Show all posts

Sunday, 20 May 2012

सम्मान से बहुत बड़ा है आत्म सम्मान ...


सच कहूं तो इस समय देश की ही ग्रह दशा ही खराब है। हर जगह गंदगी और बेईमानी का का बोलबाला है। लगता है कि सच्चाई और ईमानदारी आज कल किसी हिल स्टेशन  पर बैठकर देश में हो रहे तमाशे को देख रही हैं। बात करें राजनीति की  तो जेल में बंद राजा छूटते ही संसद भवन पहुंच गए और सबसे पहले उन्होंने कलमाड़ी से हाथ मिलाया, आंखो आंखो में कुशल मंगल पूछ लिया। खेल के मैदान में जो हो रहा है वो भी किसी से छिपा नहीं है। अमेरिका में शाहरुख खान के कपड़े उतरवा कर सुरक्षाकर्मियों ने जांच की तो वहां ये जनाब गीद़ड बने रहे, मुंबई में सुरक्षाकर्मी ने कुछ कहा तो जिंदा गाड़ने की बात करने लगे। अब रही सही कसर माल्या टीम के आस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ल्यूक पामर्शबैक ने अमेरिकी लड़की के साथ दुर्व्यवहार कर पूरी कर दी। राष्ट्रपति चुनाव में भी कुत्ता फजीहत शुरू हो गई है, शर्मिंदगी की बात ये है कि एक पढ़ा लिखा आदमी कह रहा है कि इस बार किसी आदिवासी को राष्ट्रपति बनाया जाना चाहिए। अब राष्ट्रपति जैसे अहम पदों पर भी जात पात की बात खुल कर करके शर्मनाक हालात पैदा किए जा रहे हैं। कल को कोई कहेगा कि विकलांग कभी राष्ट्रपति नहीं बना तो क्या विकलांग को बना देंगे। सेना में सबसे ज्यादा ईमानदारी की बात होती थी, बेचारे ईमानदार सेनाध्यक्ष के पीछे आर्म्स दलाल पड़ गए और उन्हें साल भर पहले ही रिटायर होने के लिए मजबूर कर दिया गया। बाजार की रौनक भी गायब है, डालर के मुकाबले रुपया अब तक के न्यूनतम स्तर यानि एक डालर की कीमत आज 54.54 रुपये हो गई है। चलिए भूमिका बहुत हो गई, विषय पर आते हैं।

राजनीति में सौ सौ जूते खाने पड़ते हैं,
कदम कदम पर सौ सौ बाप बनाने पड़ते हैं।

हाहाहाह... जब सब जगह गिरावट और अवमूल्यन हो रहा हो तो बेचारा ब्लाग जगत अपनी अस्मिता कैसे बचाए रख सकता है। ऐसा तो है नहीं कि ये किसी मजबूत आधार पर टिका है, यहां कोई ऐसा है, जिसकी सब रिस्पेक्ट करते हों। दूसरों की तो बात ही अलग है, खुद अभी क्या कह रहे हैं, थोड़ी देर बाद क्या कहेंगे, ये कहना भी मुश्किल है। अब ग्रह और नक्षत्रों के बारे में मुझे ज्यादा जानकारी नहीं है, हां बहन संगीता पुरी अगर कुछ मदद कर सकें तो वाकई कुछ सकारात्मक हल निकल सकता है। रास्ते से भटके लोगों को ज्योतिष ज्ञान के जरिए कम से कम सही रास्ता तो पुरी दीदी बता ही सकती हैं, मानना और ना मानना उनके हाथ में तो है नहीं। अगर लोगों ने उनके रास्ते को अपनाया तो हो सकता है कि कुछ परिवर्तन देखने को मिले,  वरना क्या है, जैसे चल रहा है, चलता रहेगा।

आप सब जानते हैं कि शरीर में अगर सबसे महत्वपूर्ण कोई हड्डी है तो उसे रीढ़ की हड़डी कहते हैं। इस हड्डी के बिना शरीऱ की कल्पना करने भर से मन घबरा जाता है। लेकिन मुझे हैरानी होती है कि इस हड्डी के रहते हुए भी तमाम ब्लागर्स का व्यवहार ऐसा दिखाई दे रहा है जैसे उनके शरीर में इस हडडी ने काम करना ही बंद कर दिया है या फिर ये हड्डी उनके शरीर में है ही नहीं। सच्चाई ये है कि जब आप गलत होते हैं, तो आप कितना भी खुद को मजबूत दिखने की कोशिश करें, आपकी कमजोरी बार बार आपके सामने आकर खड़ी हो जाती है और चेताती है कि ये गलत कर रहे है। आमतौर पर लोग यहीं अपनी गल्तियों को सुधार लेते हैं, लेकिन अपने मन की न सुनकर भी जब लोग गल्तियां करने पर अमादा रहते हैं तो ऐसे लोग ईमानदार भी नहीं रह जाते। वजह साफ है कि जो आदमी अपने मन की सुनकर भी खुद को दुरुस्त नहीं करता, वो दूसरों की सुनकर भला खुद को क्यों दुरुस्त करेगा। क्योंकि फिर तो उसमें अहम आ जाता है कि ये हैं कौन जो मुझे सलाह दे रहे हैं।

ये वो स्थिति होती है, जहां आदमी के खुद का विवेक शून्य हो जाता है, अब वो कोशिश करता है जनसमर्थन जुटाने का। आप जानते ही हैं कि जनसमर्थन के लिए नीति नियम तो कोई मायने रखते नहीं। क्योंकि इसकी भी सुननी पड़ेगी और उसकी भी। इन  दोनों  के बीच में हालत ये होती है कि बस बेचारी सच्चाई और ईमानदारी पिसती रहती है। आप जानते हैं ईश्वर को पता है कि आदमी ज्यादा ज्ञानी हुआ तो वो ईश्वरीय सत्ता को भी चुनौती दे सकता है, लिहाजा उन्होंने दो अधिकार अपने पास रखे। आदमी का जन्म और मृत्यु। मतलब हम चाहें या ना चाहें जन्म लेगें ही और न चाहते हुए भी मृत्यु भी तय है। अब हमारे पास जन्म से मृत्यु के बीच जो समय है, उसी के दायरे में रहकर अपने जीवन कर्तव्य का निर्वहन करना होगा। देखिए ऐसा नहीं है मैं ज्ञान की कोई ऐसी बातें कर रहा हूं जो आपको नहीं पता है, बल्कि आप सब हमसे ज्यादा जानने वाले लोग हैं। बस फर्क इतना है कि मेरी रीढ़ की हड्डी बहुत मजबूत है, लिहाजा मैं स्वाभिमान से कत्तई समझौता नहीं करता। फिर मैं जिस प्रोफेशन में हू, यहां मेरी रोजाना तरह तरह के लोगों से मुलाकात होती है। इस दौरान मैं देखता हूं कि नेता या नौकरशाह कितना भी बड़ा क्यों ना हो, अगर वो ईमानदार नहीं है तो उसमें नैतिक साहस भी नहीं होता है और दो तीन सवालों के बाद ही वो डगमगा जाता है।

कुछ ऐसी ही हालत आज परिकल्पना परिवार की देख रहा हूं। दशक के ब्लागर के बारे में मेरी एक सहज टिप्पणी थी कि ये मतदान की प्रक्रिया वाकई ठीक नहीं है। इसमें ब्लाग के वरिष्ठ लोगों को चाहिए कि वो कुछ लोगों का नाम शामिल कर दें। हम सब  यहां सीनियर्स की रिस्पेक्ट करते हैं, वही नाम अंतिम हो जाएंगे। लेकिन जब किसी व्यक्ति का अहम पूरे सिस्टम पर भारी होता है तो वो खुद को ज्ञानवान और सामने वाले को मूर्ख समझता है। फिर ये अहम उसका उस समय साथ छोड़ देता जब उसकी  उसे बहुत ज्यादा जरूरत होती है। आज हमारे आदरणीय का अहम कहां चला गया ? लोकतंत्र की बड़ी बड़ी बातें हांकने वाले आज समझौतावादी कैसे हो गए ? हैरान करने वाली बात ये है कि एक दूसरे ब्लागर साथी ने जब कहा कि ये मतदान तो वाकई ठीक नहीं है तो 48 घंटे बाद के रुझान में भाई का नाम शामिल हो गया।  अब देखिए एक साहब का सुझाव आया कि  आपने एक भी दलित ब्लागर का नाम शामिल नहीं किया। इस सुझाव देने वाले का तो भगवान ही मालिक है, पर इस सुझाव को स्वागत योग्य बताकर हमारे आदरणीय भाई ने सम्मान की मर्यादा ही खत्म कर दी। अरे हम दशक का ब्लागर चुनने जा रहे हैं या यहां दलित, पिछडा, अल्पसंख्यक, विकलांग, सीनियर सिटिजन, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, कैसर और एड्स रोगी का कोटा थोडे ही भरने जा रहे हैं ?


हर शख्स अपनी तस्वीर को बचाकर निकले,
ना जाने किस मोड़ पर किस हाथ से पत्थर निकले।



दरअसल मैने कहा ना कि जब आदमी ईमानदार ना हो तो वह क्या कह रहा है, क्या कर रहा है, खुद नहीं समझ पाता। अगर ऐसा होता तो जो बातें डा. दिव्या की हमारे भाई को आसानी से समझ में आ गईं वही बातें मैने कहीं थी तो उन्हें समझ में क्यों नहीं आई ? मैने कहा तो मुझसे कुतर्क करते रहे। तब मुझे लगा कि भगवान राम ने ठीक ही कहा था कि "भय बिन होय ना प्रीत"। क्योंकि सभी को पता है कि मैं अपनी बातें बहुत ही संयम तरीके से कहता हूं, आप माने ना माने मेरी बला से। लेकिन डा. दिव्या बहन आयरऩ लेडी है, वो पहले आराम से बात समझाने की कोशिश करतीं है, अच्छा हो कि लोग बात यहीं आसानी से समझ जाएं, वरना फिर तो उसकी खैर नहीं। क्योंकि सब जानते  हैं कि परिकल्पना से कहीं ज्यादा उनकी पाठक संख्या है। वो कुछ कहतीं है तो समझ लेना चाहिए कि ब्लाग का एक बडा तपका ये बात कह रहा है। परिकल्पना से कई गुना उनकी पाठक संख्या भी है। ऐसे में जब उन्होंने ये मु्ददा उठाया तो परिकल्पना परिवार में हडकंप मच गया। उन्हें लगा कि विरोधियों की ताकत बढ़ रही है, बस उन्हें अपने खेमें में करने की साजिश शुरू हो गई। लेकिन उनके आड़ मे जो कुछ किया जा रहा है, उससे बदबू आ रही है।

वैसे मैं बहुत ही अदब के साथ आप सबसे कहना चाहता हू कि डैमेज कंट्रोल का सबसे बेहतर तरीका यही था कि परिकल्पना परिवार आपस में बैठता और लोगों की राय जो  ब्लाग पर आ चुकी है, उसके आधार पर कुछ अहम फैसला करता। लेकिन उन्हें  लगता  है कि ब्लाग पर उनके खिलाफ कोई आंदोलन चल रहा है, लिहाजा अपनी संख्या में इजाफा करने की रणनीति बनाई जा रही है, उनका पूरा समय इसी रणनीति पर काम करने में जाया हो रहा है। वैसे इसके लिए जो कुछ किया जा रहा है, वो साहित्य समाज पर ऐसा काला धब्बा है, जिसका दाग कभी मिटने वाला नहीं। नाराज लोगों के मुंह बंद कराने के लिए उनका नाम सम्मान सूची में डाला जा रहा है। ज्यादा नाराजगी हुई तो हो सकता है कि उन्हें दिल्ली आने जाने के लिए हवाई जहाज का टिकट और यहां पांच सितारा होटल का प्रबंध कर दिया जाए। वैसे ये सबके लिए तो संभव नहीं है, गुड लिस्ट वाले ही इसका लाभ उठा पाएंगे। बहरहाल अब कौन समझाए आयोजकों को ? वे कुछ लोगों को तो पांच सितारा होटल और हवाई जहाज का टिकट दे सकते हैं, पर 41 को देना तो मुझे नहीं लगता कि इनके लिए संभव होगा। फिर जिन लोगों का नाम मजबूरी मे रखा गया है, उन्हें तो तारीख बता दी जाएगी और कहा जाएगा कि वो खुद ट्रेन से पहुंचे। खैर डैमेज कंट्रोल का जो तरीका अपनाया जा रहा है उससे तो मुझे लगता है कि ये आयोजक या तो बेचारे बहुत सीधे हैं या फिर 24 कैरेट के मूर्ख। क्योंकि कोई भी ब्लागर दशक के पांच ब्लागर में नहीं चुना जाता है, तो उसे ज्यादा तकलीफ नहीं होगी, उसे लगेगा कि पांच लोगों को ही तो चुनना था, नहीं आया होगा मेरा नाम। पर अब 41 में नाम नही आया तब तो खैर नहीं। उसे लगेगा कि जरूर कुछ गडबड़झाला है। यहां मैं आपको लालू यादव का उदाहरण देना जरूरी समझ रहा हूं। बेचारे लालू ने सोचा कि अपने निर्वाचन क्षेत्र के हर गांव से एक युवा बेरोजगार को रेलवे में नौकरी दे दें। सोचा तो उन्होंने खराब नहीं था, और नौकरी दे भी दी, पर इससे पूरा निर्वाचन क्षेत्र नाराज हो गया कि इतने बड़े गांव से एक को ही नौकरी दी, पूरे गांव को लगा कि मेरे बेटे को नही दी। हालत ये हो गई कि वो अपने पुराने निर्वाचन क्षेत्र यानि जहां उन्होंने नौकरी दी थी वहां से चुनाव हार गए। लालू अगर इस बार दो जगह से चुनाव न लड़े होते तो बेचारे संसद भी न पहुंच पाते।

चलिए दूसरों की बातें बहुत हो गईं। अपनी बात की जाए और मेरा मानना है कि आत्मसम्मान से बढ़कर कोई सम्मान नहीं हो सकता। फिर जब मैं देख रहा हूं कि सम्मान देने वाला ही अपने आत्मसम्मान को गिरवी रख चुका है तो ये सम्मान महज छलावा, जालसाजी, डैमेज कंट्रोल से ज्यादा कुछ हो ही नहीं सकता। मैं एक बार फिर डा. दिव्या का आभारी हूं कि उन्होंने मेरे नाम का जिक्र सम्मान के लिए किया, पर मैं दिल से जानता हूं कि मैं इसके काबिल नहीं हूं, क्योंकि मेरा आत्मसम्मान अभी जिंदा है। लिहाजा मेरे नाम पर कत्तई विचार ना किया जाए। हां आयोजकों को एक सलाह और कि वो इसी तरह के शिगूफे छोड़ते रहें, जिससे लोग कम से कम खामोश रहेंगे, उनमें उम्मीद होगी कि हो सकता है उनकी भी लाटरी लग जाए। अगर आपने आयोजन के पहले ही सम्मान सूची घोषित कर दी, फिर तो भइया खैर नहीं। वैसे सच में इतना गंदा खेल पहले नहीं देखा था।

नोट.. मित्रों आप सब मेरी ताकत है, इसके बाद भी मेरी सलाह है कि अगर आप सम्मान पाना चाहते हैं तो प्लीज यहां बिल्कुल कमेंट मत कीजिए। यहां सिर्फ वो कमेंट कर सकते हैं जिनके लिए सम्मान से बढ़कर आत्मसम्मान है। मैं आपको सम्मान भले ना दिला सकूं, पर आत्मसम्मान की वो ऊंचाई जरूर दे सकता हूं, जहां से आपको ये सब जो हो रहा है बहुत छोटा और बौना लगेगा।

कबिरा खड़ा बाजार में, लिए लुकाठी हाथ,
जो घर फूकै आपनो, चले हमारे साथ।


 

Wednesday, 16 May 2012

ये है साजिश का सम्मान ...


 दो दिन में ब्लागर्स के 40 से ज्यादा फोन अंटैंड कर चुका हूं, फोन रिसीव करते ही दूसरी ओर से आवाज आती है,  श्रीवास्तव जी बोल रहे हैं, हां बोल रहा हूं, बहुत बहुत मुबारकबाद। फिर वो अपना परिचय देते हैं, बात आगे बढ़ती है। मैने पहले दो चार फोन अटैड किए और दूसरी ओर से मुझे मुबारकबाद दी गई तो मैं हैरान हो गया कि आखिर ऐसी कौन से खुशी है, जो मुझे नहीं मालूम और हमारे ब्लागर बंधुओं को इसकी जानकारी हो गई। बहरहाल बात-चीत में पता चला कि परिकल्पना के चुनाव के तरीकों पर मेरा जो संवाद रविंद्र प्रभात से टिप्पणी के जरिए हुआ ये इनके भी दिल की आवाज थी, लेकिन इनमें से कुछ लोग डरते हैं और कुछ लोग इस टीम से बात करना ही पसंद नहीं करते। अच्छा मैं यहां कोई मोर्चा लेने तो आया नहीं हूं, मैने तो रवींद्र जी की सूचना पर मन में उठी एक स्वाभाविक टिप्पणी की थी । लेकिन अगले दिन खुद रवींद्र जी आक्रामक हो गए और उन्होंने अपने दूसरे लेख में ये बताने की कोशिश की कि मैं लोकतांत्रिक व्यवस्था में विश्वास ही नहीं करता। दुनिया भर में चुनाव को लोकतंत्र का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा माना जाता है, और मैं इस चुनाव का विरोध कर रहा हूं, जबकि ऐसा बिल्कुल नहीं था और ना है। बस प्रभात जी अपनी गलत और बात को सही साबित करने के लिए कुतर्क करते रहे और सच की हत्या न हो जाए, इसलिए मुझे उनकी बातों का मजबूरी में जवाब देना पड़ता रहा।
दरअसल कुछ लोगों की आदत होती है या कहें एक तपका ऐसा है जो एक झूठ को तब तक दोहराता रहता है, जब तक वो लोगों को सही ना लगने लगे। अगर आप पहले से आमादा हैं कि आपको कुछ खास लोगों को सम्मानित करना है तो उसके लिए बेवजह का ड्रामा क्यों किया जा रहा है। आप साफ सुथरे तरीके से कहिए कि हमारे निर्णायक मंडल ने इन पांच लोगों को 2012 के सम्मान के लिए चुनाव है। अरे आप कौन सा पदमश्री देने जा रहे हैं कि कोई ऊंगली उठाएगा। तकलीफ तब होती है जब आप बड़ी बड़ी बातें करते हैं और असल तस्वीर कुछ और ही होती है। हम सब जानते हैं कि परिकल्पना सम्मान के लिए कुछ लोगों ने पहले तो 41 लोगों के नाम तय किए। इसकी क्राइट एरिया क्या थी, ये साफ नहीं है। अच्छा आपने अगर 41 लोगों का नाम चुन ही लिया था तो ये वोटिंग में "अन्य" का कालम क्यों दिया ? क्या आपको अपनी इस टीम पर भरोसा नहीं था। अच्छा अगर आप पारदर्शिता दिखाते हुए ये अधिकार ब्लागर को देना चाहते थे कि उनके वोटों के आधार पर पांच नाम तय होंगे, तो क्या आपने जो 41 नाम घोषित किए हैं, उससे ऐसा नहीं लगता है कि ये उन लोगों के साथ बेईमानी है जिनके नाम आपने नहीं दिए।
ईमानदारी तो तब होती जब एक पांच या उससे अधिक लोगों की टीम बनाकर पूरी जिम्मेदारी उनके हवाले कर देते। ये टीम लोगों से आवेदन मांगती, वो जांच पड़ताल करती कि क्या ब्लाग पर जो सामग्री है, वो उनकी अपनी है, क्योंकि बहुत सारे ब्लाग में दूसरों की रचनाएं होती हैं। बहुत सारे ब्लाग में चोरी की रचनाएं होती हैं। बहुत सारे ब्लाग कई मामलों को लेकर विवादित हैं, क्योंकि परिकल्पना एक साहित्यिक मंच है और यहां साफ सुथरे नामांकन जरूरी है। लेकिन ऐसा कुछ नहीं किया गया, फिर ये भी तय होता कि वोट कौन दे सकता है, कम से कम इतना तो किया ही जा सकता था कि जिनके ब्लाग कम से कम साल या छह महीने पुराने हों, वही वोट दे सकते हैं। इससे फर्जी वोटिंग पर रोक लगती। यानि अभी लोग आज ब्लाग बनाकर वोट नहीं डाल सकते थे। अब इन बातों की ओर मैने ध्यान आकृष्ट किया मुझे कहा गया कि मेरा चुनाव और लोकतंत्र में विश्वास ही नहीं है।
               
महसूस होता है ये दौर-ए तबाही है
शीशे की अदालत है, पत्थर की गवाही है.
दुनिया में कहीं ऐसी तहरीर नहीं मिलती.
कातिल ही मुंसिफ है कातिल ही सिपाही है

जब सम्मान के लिए ब्लाग का नामांकन आपने किया, वोट देने की अपील भी आप कर रहे हैं, वोटों की गिनती भी आप करेंगे  और रिजल्ट आप ही घोषित करेंगे। ये लोकतंत्र है। इसे ही आप कहते हैं कि लोकतंत्र में चुनाव सबसे महत्वपूर्ण होता है। और अगर मुझे आप पर शक हो, तो इसकी शिकायत का कोई फोरम है ? बहरहाल आपकी परिकल्पना है, आप सम्मान दे रहे हैं, आप अपने लोगों को चुनें, उन्हें बडे़ से बडा पदक दें, इन सबसे किसी को कोई शिकायत नहीं है। शिकायत ये है कि आप उस पर हम सबका ठप्पा लगवाने की कोशिश ना करें। फिर मैने ही नहीं अगर किसी का कोई सुझाव है तो उसे आइना मत दिखाइये। आप अपने को बुद्धिमान समझे, मुझे लगता है कि किसी को इससे शिकायत नहीं होगी। लेकिन आप सामने वाले को मूर्ख समझें तो मेरे जैसे स्वाभिमानी आदमी को तो जरूर होगी।

हां एक सवाल और बहुत लोगों ने उठाया है कि ब्लागिंग के दस वर्ष हुए हैं या नहीं। नेट पर देखने से इस मामले में साफ तौर पर कुछ भी नहीं कहा गया है। लेकिन ब्लागिंग खासतौर पर इगलिश ब्लागिंग 1993 के आसपास शुरू हो चुकी थी। ये अलग बात है। मैं कहता हूं कि अगर मुझे कोई संदेह है और मैं इस मामले में एक टिप्पणी करता हूं, और आपको लगता है कि मैं गलत कह रहा हूं, तो आप तथ्यों के साथ मेरी जानकारी दुरुस्त कर सकते हैं। अदा जी से मेरी कोई मुलाकात नहीं है, लेकिन मैं उन्हें पढता रहा हूं और उनका प्रशंसक हूं। अगर उन्होंने एक कमेंट में कहा कि ब्लागिंग को अभी दस वर्ष नहीं हुए तो आप जिनका सम्मान कर चुके हैं, उसे ही नसीहत दे रहे हैं कि आप अपने ब्लाग का वर्ष ना बताएं। मैं तो इस जवाब से भी हैरान हूं।
बहरहाल मै पहले भी बता चुका हूं कि मैने अपने मन में उठी एक स्वाभाविक प्रतिक्रिया व्यक्त की थी। मैं यहां किसी गुट का सक्रिय सदस्य नहीं हूं। लेकिन मेरी टिप्पणी पर जिस तरह की प्रतिक्रिया आई वो तथ्यात्मक रुप से तो बिल्कुल गलत थी ही, असभ्य भी थी। मैने जितनी बातें की सभ्यता की लक्ष्मण रेखा के दायरे में रह कर ही की। मेरा ये स्पष्ट मत है कि अगर आप किसी काम की अगुवाई नहीं कर सकते और कोई दूसरा व्यक्ति कर रहा है तो उसमें नुक्ताचीनी करने का हक नहीं है। इसलिए मेरा कोई नुक्ताचीनी का मकसद ही नहीं था, बस अगर मेरे मन में सवाल है, तो उसे उठाने में हर्ज क्या है ? इतना ही मेरा मकसद था। 
लेकिन मैं परिकल्पना और वटवृक्ष से जुडे साथियों को बता देना चाहता हूं कि यहां लोग बहुत धैर्यवान हैं। दो दिनों में जितने फोन मैने अटेंड किए और जिस तरह की बातें सामने आईं, मै समझ नहीं पा रहा हूं कि क्या साहित्य जगत में ऐसा भी होता है। मीडिया से जुडे होने की वजह से मीडिया और राजनीति की गंदगी से तो बखूबी वाकिफ हूं, पर मुझे लगता था कि साहित्य में अभी सुचिता बनी होगी। लेकिन यहां तो तस्वीर और भयावह है। और देखिए लोग पीड़ित भी हैं, फिर भी बेचारे बोल भी नहीं पा रहे हैं। कहते हैं फिर लोग मुझे बिल्कुल अलग थलग कर देगें। कहावत है कि मारे  और रोने भी ना दे। मैने अपनी पहली टिप्पणी में आगाह किया था चुनाव के जरिए कहीं लालू, राजा, कलमाडी जैसे लोग वोटों का जुगाड़ ना कर लें। मसलन गलत लोगों को यहं आने से रोकना चाहिए। पर मैं स्वीकार करता हूं कि मुझे ये लाइन नहीं लिखनी चाहिए थी, हां मैं गलत था. क्योंकि यहां राजा, कलमाडी, कनिमोझी सब तो पहले से ही मौजूद हैं, फिर मैं क्यों उन्हें कोस रहा हूं। आखिर में

ना समझोगे तो मिट जाओगे ऐ हिन्दोस्तां वालों ।
तुम्हारी दास्तां तक भी न होगी दास्तानों में।।