Showing posts with label क्रिकेट. Show all posts
Showing posts with label क्रिकेट. Show all posts

Saturday, 16 November 2013

सचिन सावधान ! ये है चुनाव का " भारत रत्न "

सचिन सावधान !  भूल से भी प्रधानमंत्री पद के लिए नरेन्द्र मोदी की तारीफ मत कर देना। वरना ये वो कांग्रेस है जो भारत रत्न देकर वापस मांगती है, आपको तो अभी मिला भी नहीं है, सरकार ने बस देने का फैसला भर किया है। ऐसे में सावधानी हटी और दुर्घटना घटी। लता दी को आप मां की तरह मानते हैं, इन कांग्रेसियों ने उनसे " भारत रत्न " वापस  मांगने की मांग शुरू कर दी है। मुझे लगता है कि जनवरी में भारत रत्न देने के बाद आप पर एक और जिम्मेदारी होगी, वो ये कि लोकसभा चुनाव में पार्टी उम्मीदवारों के लिए प्रचार करें। चूंकि अब कांग्रेस नेताओं की सभाओं में भीड़ नहीं हो रही है, लिहाजा आपको इस्तेमाल करने की तैयारी चल रही है। आपका " भारत रत्न " इसी तैयारी का हिस्सा है।   

दुनिया भर के करोडों क्रिकेट प्रेमियों के दिलों पर राज करने वाले सचिन तेंदुलकर ने आज भारी मन से क्रिकेट को अलविदा कह दिया। ये भावुक क्षण था, उनकी  आंखों में आंसू थे, उनकी मां की आंखे छलक रहीं थी, पत्नी अंजली आंसुओं को रोकने की भरपूर कोशिश कर रही थीं, लेकिन वो रोक नहीं पाईं। इसके अलावा न सिर्फ स्टेडियम में मौजूद हजारों क्रिकेटप्रेमियों की आंखें डबडबा रहीं थी, बल्कि जो लोग टीवी पर सचिन का विदाई भाषण सुन रहे थे, वो भी बार-बार रुमाल से आंखे पोछते नजर आ रहे थे। देश की जनता की आंखो में आंसू देख सरकार गंभीर हो गई और शाम होते होते पीएमओ ने सचिन को " भारत रत्न " देने का ऐलान कर क्रिकेटप्रेमियों के आंसू पोछने की कोशिश की। 

सरकार को लग रहा था कि भारत रत्न के ऐलान से देश भर में सरकार की जय-जयकार होगी, लेकिन सरकार का ये दांव उलटा पड़ गया। भारत रत्न की घोषणा के आधे घंटे बाद ही  सोशल साइट पर क्रिकेट प्रेमी सरकार की किरकिरी करने लगे। आप जानते ही होंगे कि जानी मानी गायिका लता दी को " भारत रत्न " मिल चुका है। पिछले दिनों एक समारोह में उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि जैसी देशी की इच्छा है कि नरेन्द्र भाई मोदी प्रधानमंत्री बनें, वैसे ही मैं भी चाहती हूं कि मोदी जी प्रधानमंत्री बनें। उनका इतना कहना भर था कि कांग्रेस के दिग्गज लाल पीले होने लगे और उन्होंने लता दी से भारत रत्न वापस लेने की मांग शुरू कर दी। 

हालांकि लता दी सरल महिला हैं, इसलिए उन्होंने किसी बात का जवाब नहीं दिया। वरना अगर वो भारत रत्न वापस करने के लिए 10 जनपथ रवाना भर हो जातीं, तो पूरी सरकार और पार्टी घुटनों पर  नजर आती। खैर अब सरकार ने सचिन को भारत रत्न देने की बात की तो सोशल साइट पर सचिन को नसीहत दी जा रही है। कहा जा रहा है कि सचिन भूल से भी नरेन्द्र मोदी का नाम मत ले लेना, वरना ये भारत रत्न वापस मांग लेंगे। ये कांग्रेसी बहुत अवसरवादी है। सच तो ये है कि इन्होंने सचिन को भारत रत्न नहीं दिया है, बल्कि देश की करोडों जनता की भावनाओं को भुनाने के लिए एक साजिश के तहत ऐसा किया है।

आपको याद होगा कि सचिन को भारत रत्न की मांग क्रिकेट प्रेमियों ने ही उठाई थी। सरकार पर दवाब बढ़ा तो इतना तो कर लिया गया कि भारत रत्न की श्रेणी में खेल को शामिल कर लिया गया। पहले खेल के क्षेत्र में भारत रत्न  देने का प्रावधान नहीं था। जब बात भारत रत्न देने की आई तो सरकार ने हीला हवाली शुरू कर दी और उन्होंने पहले हाँकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद का नाम भारत रत्न के लिए सामने किया। कहा गया कि मेजर का योगदान सचिन के मुकाबले कहीं ज्यादा है। ऐसे में खेल का पहला भारत रत्न मेजर को ही दिया जाना चाहिए। देश में किसी ने इस बात का विरोध भी नहीं किया। लेकिन अब चुनाव आ गया है और कांग्रेस हर किसी की कीमत लगाना जानती है। इसलिए मैं तो यही कहूंगा कि ये क्रिकेट का नहीं चुनाव का "भारत रत्न" है।



Sunday, 4 August 2013

बड़ी बहस : क्रिकेट का काठमांडू सम्मान !


ये तो आप भी मानते ही होंगे कि पाप का घड़ा एक ना एक दिन भरता जरूर है। अब क्या मेरी तरह आप भी विश्वास के साथ ये बात कह सकते हैं कि बीसीसीआई के हाशिए पर डाल दिए गए अध्यक्ष श्रीनिवासन के पाप का घड़ा भर गया है ? देखा जाए तो पहली नजर में तो यही लगता है। उनके चेहरे पर जो अहंकार दिखाई देता था, कल दिल्ली में बेचारगी दिखाई दे रही थी। देखने से ही लग रहा था कि वो अपने और दामाद के किए पर शर्मिंदा हैं, लेकिन आप जानते ही हैं कि रस्सी जल भी जाए तो उसकी ऐंठन नहीं जाती। लिहाजा उन्हें लगा कि हो सकता है कि उनकी दादागिरी जिस तरह अभी तक चलती रही है, शायद उनके रुतबे के आगे सब बौने हो जाएं और अध्यक्ष की कुर्सी पर फिर जम जाएं। पर प्यारे श्रीनिवासन आगे से जब दिल्ली आओ, तो एक बार यहां के लोगों से राय ले लिया करो, फायदे में रहोगे। ये दिल्ली है, कुर्सी किसी को आसानी से नहीं देती, हां यही बैठक अगर आप काठमांडू में कर लेते तो कोई पूछने ही वाला नहीं था। जिसको जैसे चाहते बेवकूफ बनाते, सब आपके सामने सिर झुकाए खड़े रहते। लगता है कि आप सोशल मीडिया से दूर है, वरना आपको काठमांडू के बारे में सबकुछ पता होता।

खेल के बारे में जब भी कुछ चर्चा करता हूं तो डर लगता है। मुझे लगता है कि पता नहीं आप लोगों को इसके बारे में कितना पता है। चलिए फिर भी दो चार बातें फटाफट बता देते है, उसके बाद असल मुद्दे पर चर्चा करेंगे। दरअसल बीसीसीआई ने आईपीएल के बारे में जो " रुल बुक " तैयार किया है उसमें साफ है कि अगर आईपीएल की किसी भी टीम के प्रबंधन से जुड़ा आदमी अनैतिक कार्य करता है, तो उस टीम को डिबार यानि अयोग्य़ घोषित कर दिया जाएगा। आपको जानते ही है कि चेन्नई सुपर किंग के मालिकों में श्रीनिवासन के अलावा उनका दामाद मयप्पन भी शामिल है, जबकि राजस्थान रायल्स में शिल्पा के पति राजकुंद्रा है। इन दोनों पर सट्टेबाजी के गंभीर आरोप हैं। राजस्थान टीम के तो कई खिलाड़ी और भी गंभीर हरकतों में पकड़े जाने पर जेल तक की हवा खा चुके हैं। लेकिन बड़ा सवाल ये है कि आखिर चेन्नई और राजस्थान की टीमों को अभी तक अयोग्य़ घोषित क्यों नहीं किया गया ? आपको पता है कि श्रीनिवासन बीसीसीआई के अध्यक्ष भी रहे हैं और उनकी टीम भी है। इसलिए उनके बारे में नियम कायदे की बात करना बेमानी है। मीडिया ने जब उनके दामाद मयप्पन, राजस्थान रायल्स के राजकुंद्रा के साथ बिंदू दारा सिंह की हरकतों के बारे में खबरें दिखाई तो कई हफ्तों के ड्रामें के बाद श्रीनिवासन बीसीसीआई से अलग होने को मजबूर गए। इतना ही नहीं जल्दबाजी में दो सदस्यों की एक कमेटी बना दी गई। इस कमेटी ने जांच कर अपनी  रिपोर्ट में श्रीनिवासन को क्लीन चिट्ट दे दी। लेकिन मुंबई हाईकोर्ट ने जांच कमेटी को ही अवैध बताकर उसकी रिपोर्ट खारिज कर दी।

इन सबके बाद भी श्रीनिवासन " मैं हूं डान " की स्टाइल में कुर्सी पर कब्जा करने की जुगत बैठाने लगे। अध्यक्ष का ख्वाब मन पाले हुए बेचारे दिल्ली तो आ धमके, लेकिन वो जिन लोगों के बूते दिल्ली आए थे, यहां उन्हीं लोगों ने उनकी खूब बजाई। बैठक के दौरान उनके खास लोगों ने ही उन्हें डराया धमकाया और कहाकि अब पूरा मामला कोर्ट में है। कोर्ट बीसीसीआई की हर गतिविधियों पर कड़ी नजर बनाए हुए है, लिहाजा ऐसा कुछ नहीं किया जाना चाहिए जिससे कोर्ट में अपना केस कमजोर हो। श्रीनिवासन चाहते थे कि वो ही इस मीटिंग की अध्यक्षता करें। जब उन्हें बताया गया कि इस होटल में तो आप कुछ भी कर सकते हैं, लेकिन कोर्ट ने अगर अपना रुख कड़ा कर लिया तो इसके बाद क्या होगा ? बताते हैं कि जो तस्वीर उनके सामने रखी गई, बेचारे श्रीनिवासन हिल गए। अब सोचा जाने लगा कि बाहर मीडिया वाले खड़े हैं, उन्हें क्या बताया जाए ? कहा गया कि वो कौन सा हमें नंबर देने वाले हैं, कुछ भी बता दो। बस मीटिंग रद्द हो गई और कहा गया कि मीटिंग का एंजेंडा ही तैयार नहीं था। ये सुनकर आपको भी हंसी आ रही होगी, हमें तो खैर आ ही रही है।

आइये एक मिनट सीरियस बात कर लें, आपको ये पता है कि देश में क्रिकेट के अलावा बाकी खेलों में उन्ही खिलाड़ियों को राष्ट्रीय सम्मान मिल सकता है, जिस खेल के महासंघ को भारत सरकार के खेल मंत्रालय से मान्यता मिली हुई है। मसलन कुश्ती, दौड़, टेबिल टेनिस, हाकी, टेनिस, तैराकी, बैडमिंटन कोई भी खेल हो, इससे से जुड़े महासंघ को अगर खेल मंत्रालय की मान्यता नहीं है तो कितना बढ़िया खिलाड़ी हो या फिर कितने ही पदक ही क्यों ना जीता हो, उसे सरकार मान्यता नहीं देती है, और ऐसे खिलाड़ी को कभी राष्ट्रीय सम्मान नहीं मिल सकता। मतबल ऐसे खिलाड़ी को पद्मश्री, पद्मभूषण या अन्य किसी भी सम्मान से नही नवाजा जा सकता है। लेकिन देश में क्रिकेट को लोग धर्म मानते हैं और सचिन जैसे खिलाड़ी को भगवान। यही वजह है कि सरकार के क्रिकेट के मामले में सारे नियम कायदे किनारे रह जाते हैं। यहां बीसीसीआई जो पैसे वालों का एक गिरोह है, वो जो भी चाहे कर सकती है। आज तक बीसीसीआई को खेल मंत्रालय की मान्यता नहीं है, पर तमाम क्रिकेटर को पद्मश्री और पद्मभूषण सम्मान मिल चुके हैं। अब तो बात इससे भी आगे की हो रही है है, वो ये कि क्रिकेटर को भारत रत्न दिए जाएं। हाहाहाहा.... आपने शोले पिक्चर देखी होगी, एक डायलाँग है ना, बसंती इन कुत्तों के सामने मत नाचना। मुझे भी लगता है कि अगर बीसीसीआई खेल मंत्रालय की मान्यता नहीं लेती है तो क्रिकेटरों को भी राष्ट्रीय सम्मान से वंचित कर दिया जाना चाहिए।

सच कहूं तो बीसीसीआई और क्रिकेटरों ने राष्ट्रीय सम्मान को काठमांडू सम्मान बना दिया है। मसलन कोई नियम कायदा नहीं। सम्मान किसको दिया जाएगा, सम्मान देने की प्रक्रिया क्या होगी, सम्मान के लिेए योग्यता क्या होगी, सम्मान के लिए निर्णयाक मंडल मे कौन होगा, कुछ भी से तय नहीं होगा। बस 4100 रुपये दो और सम्मान की पूरी प्रक्रिया इसी से पूरी हो जाएगी। मेरा मानना है कि ऐसे सम्मान खेल में तो नहीं बस ब्लाग में दिए जा सकते हैं। चलिए अंदर की बात बताते हैं। मेरे पिछले पोस्ट से ब्लाग परिवार में थोड़ी खलबली जरूर मची। वैसे एक बार आंख खोलने से आयोजकों की आंख खुल जाएंगी, अगर ऐसा कोई भी सोचता है तो मैं तो उसे 24 कैरेट का मूर्ख समझूंगा। लेकिन थोड़ा बहुत सुधार होगा, ये मुझे जरूर उम्मीद थी। काठमांडू सम्मान में भी थोडा बदलाव आया है। दो दिन पहले जिन नए आठ - दस नए लोगों का नाम सम्मान के लिए घोषित किया गया है। इसमें पहली बार ये बताने की कोशिश की गई है कि उन्हें किस क्षेत्र में सम्मान दिया जा रहा है। इसके पहले जो नाम थे, उन्हें तो यही लग रहा था कि ये 4100 रुपये का सम्मान है।

ये बात मैं इसलिए कह रहा हूं क्योंकि एक ब्लागर ने स्वीकार किया कि उसे नहीं पता कि ये 5100 रुपये मुझे क्यों दिए जा रहे हैं। बस मैं इतना कहूंगा कि हां मुझे काठमांडू में 5100 रुपये दिए जा रहे हैं। रुपयों के साथ ही कुछ कपड़े वपडे भी दिए जाने का वादा किया गया है। अब प्राइमरी स्कूल के बच्चों से भी पूछा जाए कि अगर 4100 रुपये खर्च करने पर 5100 रुपये हासिल होते हैं तो 4100 रुपये खर्च करने चाहिए या नहीं ? बच्चे का जवाब होगा कि बिल्कुल खर्च करना चाहिए। अब भाई लोग भले ही ये कहें कि सम्मान की पैसे से तुलना नहीं करनी चाहिए, लेकिन सच यही है कि पूरा मामला ही पैसे का है। वरना सम्मान के लिए ब्लागरों को लुभाने के लिए नई स्कीम ना जारी की गई होती।  जानते हैं अब नए सम्मान की जो सूची जारी की गई है, उसमें एक बदलाव देखा गया है। कहा जा रहा है कि तमाम कपड़े - वपड़े के साथ ही एक निश्चित धनराशि भी दी जाएगी। मुझे लगता है कि ये स्कीम इसलिए घोषित करनी पड़ी क्योंकि लोगों को पता चल गया कि भारतीय रुपये की कीमत नेपाल मे ज्यादा है। बहरहाम मुझे इस बात की खुशी है कि अब मेरे ब्लागर मित्रों को जो बेचारे पैसे जमा कर फंस गए हैं, उन्हें कुछ तो राहत मिलेगी ।  

आप भी जानते हैं कि आयोजक आसानी से सही रास्ते पर आएंगे,  इसकी तो किसी को उम्मीद नहीं है। लेकिन सामाजिक न्याय का यही तकाजा है कि एक ना एक दिन पाप का घड़ा भरता ही है। ऐसे में हम सब को भी इनके पाप के घड़े को भरने तक का इंतजार करना ही होगा। लेकिन मैं देख रहा हूं कि जिन लोगों का नाम सम्मान के लिए घोषित किया गया है, अब वो बेचारे जरूर सकते में हैं। सब एक बार सोचने पर मजबूर हो गए हैं कि कहीं वो वाकई ठगे तो नहीं जा रहे हैं ? 4100 रुपये कोई छोटी रकम तो है नहीं, ऊपर से काठमांडू पहुंचने का किराया भाड़ा अलग ! अब ये भी एक दूसरे से बात कर पूछ रहे हैं कि "आखिर मुझे ही सम्मानित क्यों किया जा रहा है ? ये बात ब्लागर सोचने को मजबूर है, क्योंकि उन्हें भी लग रहा है कि हमने ऐसा कोई तीर भी नहीं मार लिया कि सम्मानित होने के लिए मेरा पहला हक बनता हो ? ऐसा नही है कि इस सम्मान से सब पीछा ही छुड़ा रहे हों, कुछ लोग इस सम्मान के चक्कर में जगह-जगह प्रशंसा में खूब कमेंट कर रहे हैं, जिससे आयोजको का ध्यान उन पर भी जाए। मैं ऐसे लोगों को बता दूं कि घबराने की जरूरत नहीं है, जल्दी ही आयोजक ऐलान कर सकते हैं कि सम्मान के लिए 4100 रुपये के साथ अपना नाम खुद सूची में शामिल कर लें। चलिए ये तो ऐसा  मुद्दा है कि कभी खत्म ही नहीं होगा। इस पर तो लंबी बात चलती ही रहेगी, लेकिन मुझे इस बात की खुशी है कि कम से कम अब जितने भी लोग सम्मानित होंगे, उन्हें कुछ कम ही सही लेकिन रकम तो मिलेगी ना। चलते चलते एक बात बताऊं, अब लखनऊ में यही तय नहीं हो पा रहा है कि ब्लागर को किस कटेगरी में सम्मानित किया जाए ? चूंकि इतने ज्यादा  सम्मान है कि कटेगरी कम पड़ गई है। मित्रों ये बात आगे भी जारी रहेगी।





  

Sunday, 28 July 2013

सम्मान : क्या भूलूं क्या याद करुं ?

मित्रों क्या भूलूं और क्या याद करूं, कुछ समझ में नहीं आ रहा है। दरअसल इस पोस्ट को लेकर मैं काफी उलझन में था। मैं समझ ही नहीं पा रहा हूं कि अपनी 200 वीं पोस्ट किस विषय पर लिखूं। वैसे तो आजकल सियासी गतिविधियां काफी तेज हैं, एक बार मन में आया कि क्यों न राजनीति पर ही बात करूं और देश की सबसे बड़ी राजनैतिक पार्टी कांग्रेस से पूछूं कि 2014 में आपका प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार कौन है ? फिर मुझे लगा कि इन बेचारों के पास आखिर इसका क्या जवाब होगा ? क्यों मैं इन पर समय बर्बाद करूं। बाद में मेरी नजर तथाकथित तीसरे मोर्चे पर गई, ममता, मायावती, मुलायम और नीतीश कुमार, इनमें से क्या कोई गुल खिला सकता है ? पहले तो लगा कि इस पर लिखा जा सकता है, लेकिन फिर सोचा कि मुलायम पर भला कौन भरोसा कर सकता है ? देखिए ना राष्ट्रपति के चुनाव में ममता को आखिरी समय तक गोली देते रहे, बेचारी कैसे बेआबरू होकर दिल्ली छोड़कर कलकत्ता निकल भागी। ऐसे में थर्ड फ्रंट पर तो किसी तरह की बात करना ही बेमानी है। एक बात और की जा सकती है, आजकल तमाम नेता सस्ते भोजन का ढिंढोरा पीट रहे हैं, कोई 12 रुपये में भोजन करा रहा है, कोई 5 रुपये में, एक नेता तो एक ही रुपये में भरपेट भोजन की बात कर रहे हैं। क्या बताऊं, एक रूपये में तो कुत्ते का बिस्कुट भी नहीं आता। अब नेताओं की तरह मैं तो सस्ते भोजन पर कोई बात नहीं कर सकता।

विषय की तलाश अभी भी खत्म नहीं हुई। मैने सोचा कि देश में एक बड़ा तबका खेल को बहुत पसंद करता है। इसलिए खेल पर ही कुछ बातें करूं। लेकिन आज तो देश में खेल का मतलब सिर्फ क्रिकेट है। बाकी खेल तो हाशिए पर हैं। अब क्रिकेट की आड़ में जो आज जो कुछ भी चल रहा है, ये भी किसी से छिपा नहीं है। मैं तो अभी तक क्रिकेट का मतलब सुनील गावस्कर, कपिल देव, सचिन तेंदुलकर समझता था, लेकिन अब पता  लगा कि मैं गलत हूं। आज क्रिकेट का मतलब है बिंदु दारा सिंह, मयप्पन और राज कुंद्रा। आईपीएल के दौरान टीवी चैनलों पर जितनी चर्चा खेल की नहीं हुई, उससे कहीं ज्यादा चर्चा सट्टेबाजी की हो गई। वैसे बात सिर्फ सट्टेबाजी तक रहती तो हम एक बार मान लेते कि इसमें गलत क्या है, कई देशों में तो सट्टेबाजी को मान्यता है। हमारे देश में भी ऐसा कुछ शुरू हो जाना चाहिए। लेकिन यहां तो क्रिकेट की आड़ में हो रहा ऐसा सच सामने आया कि इस खेल से ही बदबू आने लगी। बताइये खिलाड़ियों को लड़की की सप्लाई की जा रही है, चीयर गर्ल को भाई लोगों ने कालगर्ल बना कर रख दिया। खिलाड़ी मैदान के बदले जेल जा रहे हैं। फिर जिस पर क्रिकेट को बचाए रखने की जिम्मेदारी है, उसी श्रीनिवासन की भूमिका पर उंगली उठ रही है। टीम के कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी की पत्नी स्टेडियम में उस बिंदु दारा सिंह के साथ मौजूद दिखी, जिस पर गंभीर ही नहीं घटिया किस्म के आरोप लग रहे हैं। अब ऐसे क्रिकेट पर लिख कर मैं तो अपना समय नहीं खराब कर सकता। क्रिकेट आप सब को ही मुबारक !

खेल को खारिज करने के बाद मैने सोचा कि चलो मीडिया पर चर्चा कर लेते हैं। आजकल मीडिया बहुत ज्यादा सुर्खियों में है। हर मामले में अपनी राय जाहिर करती है। फिर कुछ दिन पहले बड़ा भव्य आयोजन भी हुआ है, पत्रकारों को उनके अच्छे काम पर रामनाथ गोयनका अवार्ड से नवाजा गया है। इसलिए मीडिया को लेकर कुछ अच्छी-अच्छी बाते कर ली जाएं। सच बताऊं मुझे तो यहां भी बहुत निराशा हुई। इस अवार्ड में भी ईमानदारी का अभाव दिखाई देने लगा है। मेरा व्यक्तिगत मत है कि ये अवार्ड पत्रकारों को सम्मानित नहीं करता है, बल्कि कुछ बड़े नाम को बेवजह इसमें शामिल कर खुद ये अवार्ड ही सम्मानित होता है। अंदर की बात ये है कि जब बड़े नाम शामिल होते हैं, तभी तो ये खबर टीवी चैनलों पर चलती है। मैं इस बिरादरी से जुड़ा हूं इसलिए ज्यादा टीका टिप्पणी नहीं करूंगा, लेकिन मुझे दो बातें जरूर कहनी है। पहला तो मैं ये जानना चाहता हूं कि किस ईमानदार जर्नलिस्ट की पसंद थे सीबीआई डायरेक्टर रंजीत सिन्हा। ये विवादित हैं, इनकी ईमानदारी संदिग्ध है, इनके कार्यकाल में सुप्रीम कोर्ट ने सीबीआई को "तोता" तक कह दिया। रामनाथ गोयनका अवार्ड एक "तोता" बांटेगा और वो "तोता" सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस के बराबर खड़ा है। मैने जब इन्हें मंच पर पत्रकारों को पुरस्कार देते हुए देखा तो सच में मन बहुत खिन्न हुआ। एक बात और जो मुझे ठीक नहीं लगी। मैं एनडीटीवी के रवीश कुमार का प्रशंसक हूं, लेकिन मैं प्रशंसक उनकी रिपोर्टिंग के लिए बल्कि उनके प्राइम टाइम एंकरिंग के लिए हूं। दिल्ली की एक बस्ती खोड़ा की दिक्कतों पर स्टोरी करने के लिए उन्हें ये अवार्ड दिया गया। मुझे लगता है कि एनडीटीवी में ही एक कम उम्र का रिपोर्टर है, उसने दिल्ली की तमाम कालोनियों की मुश्किलों को और बेहतर तरीके से जनता तक पहुंचाया है। अब देखिए मैं तो जर्नलिस्ट हूं, जब मुझे ही इस रिपोर्टर का नाम नहीं मालूम है तो भला रामनाथ गोयनका अवार्ड देने वालों को ये नाम कैसे याद हो सकता है। ये हाल देख मैने मीडिया से भी किनारा कर लिया।

अब सोचा कि बात नहीं बन रही है तो चलो सामयिक विषय पर एक चार लाइन की कविता लिखते हैं, वैसे भी 200 वीं पोस्ट को भला कौन गंभीरता से पढ़ता है। सब पहली लाइन पढ़ कर 200 वीं पोस्ट की बधाई देकर निकल जाते हैं। अच्छा है कि चार छह लाइन की अच्छी सी कविता लिख दी जाए। लेकिन जब भी बात कविता की होती है, मेरे रोंगटे खडे हो जाते हैं। आप सोच रहे होंगे कि आखिर ऐसा क्या है कि कविता पढ़कर रोंगटे खड़े हो जाते हैं। क्यों ना खड़े हों, अब ब्लाग पर कविता ही ऐसी लिखी जा रही है। आलू, बैगन, टमाटर, गाजर, मूली, खीरा, तरबूज, गर्मी, ठंड, बरसात, लू जब कविता का विषय हो तो आसानी से समझा जा सकता है कि कविता कितने निचले पायदान तक पहुंच गई है। कुछ लोगों ने बहुत कोशिश की तो कविता की आड़ में आत्मकथा परोस दी। ब्लाग पर प्यार पर बहुत सारी कविताएं मिलती हैं, लेकिन ज्यादातर कविताओं में प्यार से जुड़े शब्दों की तो भरमार होती है, लेकिन कविता में वो अहसास नहीं होता, जो जरूरी है।

इन्हीं उलझनों के बीच मेरी निगाह काठमांडू गई। मैंने सोचा चलो 200 वीं पोस्ट अपने ब्लागर मित्रों को समर्पित करते हैं और उन्हें बेवजह ठगे जाने से बचने के लिए पहले ही आगाह कर देते हैं। क्योंकि यहां कुछ लोग एक बार फिर बेचारे सीधे-साधे ब्लागरों को सम्मान देने के नाम पर उनका बाजा बजा रहे हैं। हालाकि जैसे ही मैं इनके चेहरे से नकाब उतारूंगा, ये गाली गलौज पर उतारू हो जाएंगे, ये सब मुझे पता है। लेकिन अगर सच जानने के बाद एक भी ब्लागर ठगे जाने से बचता है तो मैं समझूंगा कि मेरी कोशिश कामयाब रही। आपको पता ही है कि एक गिरोह जो अपने सम्मान का कद बढाने के लिए इस बार उसका आयोजन देश से बाहर कर रहा है। अब क्या कहा जाए! इन्हें लगता है कि सम्मान समारोह देश के बाहर हो तो इसका दर्जा अंतर्राष्ट्रीय हो जाता है। हाहाहाहाहाह....। इस सम्मान की कुछ शर्तें है, सम्मान उन्हें मिलेगा जो वहां जाएंगे, वहां वही लोग जा पाएंगे जो पहले अपना पंजीकरण कराएंगे, पंजीकरण वही करा पायेगा जिसके पास 4100 रुपये होगा। सम्मानित होने वालों को कुछ और जरूरी सूचनाएं पहले ही दे दी गई हैं। जिसमें सबसे महत्वपूर्ण ये कि एक कमरे में तीन लोगों को रहना होगा। इसके अलावा आधा दिन उन्हें नान एसी बस से काठमांडू की सैर कराई जाएगी, लेकिन यहां प्रवेश शुल्क सम्मानित होने वालों को खुद देना होगा।

पता नहीं आप जानते है या नहीं भारत का सौ रुपया नेपाल में लगभग 160 रुपये के बराबर होता है। हो सकता है कि पैसे वाले ब्लागर चाहें कि वो आलीशान होटल में रहें, वो क्यों तीन लोगों के साथ रुम शेयर करेंगे। पैसे से कमजोर ब्लागर किफायती होटल में रहना चाहेगा। मेरा एक सवाल है कि जब लोग अपने मनमाफिक साधन से नेपाल तक का सफर कर सकते हैं, तो उनके रुकने का ठेका आयोजक क्यों ले रहे हैं ? अब देखिए कुछ लोग वहां हवाई जहाज से पहुंच रहे होंगे, कुछ बेचारे ट्रेन से गोरखपुर जाकर वहां से बार्डर क्रास कर सकते हैं, उत्तराखंड वाले बनबसा से बस में सफर कर सकते हैं। मैं समझ नहीं पा रहा हूं कि ये ब्लागर सम्मेलन है या किसी कंपनी के एजेंट का सम्मेलन है ? कोई जरूरी नहीं है कि सभी ब्लागर 4100 रुपये पंजीकरण शुल्क दे सकते हों, ब्लाग लिखने के लिए नौकरी करना जरूरी नहीं है। बहुत सारे स्टूडेंट भी ब्लागर हैं। वो भारी भरकम पंजीकरण शुल्क नहीं दे सकते। फिर आने जाने के अलावा दो तीन हजार रूपये जेब खर्च भी जरूरी है। ऐसे में जिसकी जितनी लंबी चादर है वो उतना ही पैर फैलाएगा ना। ऐसे में भला इसे ब्लागर सम्मान समारोह कैसे कहा जा सकता है ?    

हास्यास्पद तो ये है कि बेचारे सम्मानित होने वालों की सूची एक साथ जारी नहीं कर सकते। वजह जानते हैं, जिनका पंजीकरण शुल्क नहीं आया है, उनके नाम पर विचार कैसे किया जा सकता है? अभी पंजीकरण 13 अगस्त तक खुला हुआ है, मतलब सम्मानित होने वालों के नाम का ऐलान तब तक तो चलता ही रहेगा। मैं देख रहा था कि जो नाम जारी हुए हैं, ये वो नाम हैं जो मई में ही सम्मान समारोह में जाने का कन्फर्म कर शुल्क भी जमा कर चुके थे, इसलिए सम्मान की सूची में उनके नाम आने लगे हैं। वैसे सम्मान की सूची वहां जब जारी होगी तब देखा जाएगा, लेकिन कुछ नाम तो मुझे भी पता है जिनका नाम जल्दी ही जारी होने वाला है। हां अगर आपको भी नाम जानना है तो उस पोस्ट पर चले जाएं, जहां बताया गया था कि इन-इन ब्लागरों ने आना कन्फर्म कर दिया है, जिनके नाम कन्फर्म समझ लो सम्मान तय है। क्योंकि एक्को ठो ऐसा ब्लागर नहीं मिलेगा जिसको सम्मान ना मिल रहा हो, फिर भी ऊ काठमाडू जा रहा हो।

अब देखिए, जो ब्लागर देर से पंजीकरण करा रहे हैं वो बेचारे तो बड़े वाले सम्मान से चूक गए ना, जिसमें कुछ रकम भी मिलनी है। लेकिन है सब घपला। ध्यान देने वाली बात ये है कि सम्मान कार्यक्रम में बाकी सब बता दिया, ये किसी को नहीं मालूम कि निर्णायक मंडल में कौन कौन है ? अच्छा निर्णायक मंडल के पास ब्लाग का नाम भेजा गया है, ब्लागर का नाम भेजा गया है या फिर ब्लागर का लेख, कहानी, कविता क्या भेजी गई है, जिस पर अदृश्य निर्णायक मंडल निर्णय ले रहा है। ये तो आप जानते हैं कि कोई निर्णायक मंडल पूरा ब्लाग तो देखने से रहा। अगर उनके पास रचनाएं भेजी गईं है, तो सवाल उठता है कि ये रचनाएं ब्लागरों से आमंत्रित किए बगैर कैसे भेजी जा सकती है। दरअसल इन सब के खेल को समझ पाना बड़ा मुश्किल है। अच्छा हिंदी वाले तो ज्यादातर लोग समझ गए हैं इनकी चाल को, तो अब इसका दायरा बढ़ाना था। इसलिए कह रहे हैं कि इस बार भोजपुरी, मैथिल और अवधी को भी सम्मान दिया जाएगा। लग रहा है कुछ नए ब्लागर और फस गए हैं। वैसे इनकी नजर में नेपाली भाषा भी क्षेत्रीय भाषा है, इसमें भी सम्मान की संभावना है।

खैर छोड़िए, जिसकी जैसे चले, चलती रहनी चाहिए। इतनी बातें लिखने का मकसद सिर्फ ये है कि आप सब कोई मूर्ख थोड़े हैं, सजग रहिए। आप ब्लागर है, पढे लिखे लोग है। आपको अपनी बौद्धिक हैसियत नहीं पता है ? अब तक सम्मान के लिए कुछ नाम जो सामने आए है, दो एक लोगों को छोड़ दीजिए, बाकी लोग दिल पर हाथ रख कर सोचें कि क्या उनकी लिखावट में इतनी निखार है कि वो सम्मान के हकदार हैं। नेपाल जाना है, बिल्कुल जाइए, लेकिन इस फर्जीवाड़े के लिए नहीं, बच्चों को साथ लेकर बाबा पशुपतिनाथ के दर्शन कीजिए, हो  सकता है कि उनके आशीर्वाद से लेखनी में और निखार आ जाए। हैराऩी इस बात पर भी हो रही है कि कुछ ब्लागर मित्र जो पिछले सम्मान के दौरान मुझे इसकी खामियां गिनाते नहीं थकते थे और आयोजकों को गाली दे रहे थे वो आज उनके सबसे बड़े प्रशंसक हैं। चलिए आज बस इतना ही इस मामले में तो आगे भी आपसे बातें होती रहेंगी।






Wednesday, 29 May 2013

क्रिकेट यानि सेक्स और सट्टेबाजी !

भारतीय क्रिकेट बहुत बुरे दौर से गुजर रही है। अब क्रिकेट के साथ ही क्रिकेटर्स की प्रतिष्ठा भी दांव पर लगी हुई है। हालत ये है कि भारतीय टीम के कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी पर भी सट्टेबाजी की छीटें पहुंचनी शुरू हो गई हैं। मुंबई पुलिस की जांच से अब जो जानकारी निकल कर बाहर आ रही है, उसके आधार पर मैं पूरे भरोसे के साथ कह सकता हूं कि चेन्नई सुपर किग्स के मालिक गुरुनाथ मयप्पन ही नहीं बल्कि कप्तान धोनी भी कहीं ना कहीं इस सट्टेबाजी में शामिल रहे हैं। जब कुछ लोग जेंटिलमैन खेल की आड़ में "धंधा" कर रहे हों तो  सरकार को ही सख्त कदम उठाने के लिए आगे आना होगा। मेरा मानना है कि देश में सभी तरह के क्रिकेट पर फिलहाल एक साल के लिए तत्काल प्रभाव से रोक लगा देनी चाहिए। दुनिया को सख्त संदेश देने के लिए चैंपियंस ट्राफी खेलने लंदन गई टीम को बिना देरी किए वापस बुला लेना चाहिए। इतना ही नहीं देश में क्रिकेट मैच के प्रसारण पर भी रोक होनी चाहिए। क्रिकेटरों के विज्ञापन टीवी पर दिखाने पर सख्ती से पाबंदी लगाई जानी चाहिए। क्रिकेट की आड़ में सट्टेबाजी और " सेक्स रैकेट " चलाने के आरोप में बीसीसीआई को बर्खास्त कर इस पर तत्काल प्रभाव से सरकार को अपने नियंत्रण में लेना चाहिए।

हालांकि मैं इस मत का हूं कि खेल में राजनीतिज्ञों का कोई स्थान नहीं होना चाहिए। क्रिकेट समेत सभी तरह के खेलों की पवित्रता को बनाए रखने के लिए एक सख्त कानून ये भी होना चाहिए कि जो लोग भी खेल से जुड़ी किसी भी संस्था में शामिल हैं, वो लोकसभा, राज्य सभा, विधानसभा या फिर विधान परिषद कोई भी चुनाव नहीं लड़ सकते। खेल से जुड़ी जितनी भी संस्थाएं है, सभी संस्थाओं में सिर्फ खिलाडियों को ही चुनाव लड़ने की छूट होनी चाहिए। खैर राजनीतिज्ञों से तो बाद में निपट लिया जाएगा, अभी तो क्रिकेट को बचाना है। मुझे सबसे बड़ी शिकायत केंद्र की सरकार से है। जानवर की चमड़ी से बना एक आदमी अगर तमाम गंदगी उजागर हो जाने के बाद यही चिल्लाता रहे कि वो इस्तीफा नहीं देगा तो क्या पूरा देश यूं ही देखता रहेगा ? आज बीसीसीआई धनवान है, ये सही है। लेकिन ये भी सही है कि ये देशवासियों का पैसा है, हम सब क्रिकेट शौक से देखते हैं, टिकट खरीदते हैं, टीवी पर देखते हैं। क्रिकेट देखने की वजह से ही टीवी पर विज्ञापन मिलते हैं। लेकिन अब पता चल रहा है कि खेल का नतीजा मैदान पर तय नहीं होता, बल्कि पांच सितारा होटल में नतीजे तय होते हैं। जाहिर है ये देशवासियों के साथ विश्वासघात है। क्या ये पर्याप्त कारण नहीं है कि बीसीसीआई और आईपीएल मैनेजमेंट को बर्खास्त कर इनके बैंक खाते सीज किए जाएं। श्रीनिवासन का दामाद जो चेन्नई सुपर किंग्स का मालिक है, वो सट्टेबाजी तो कर ही रहा है, उसके पास लड़कियों को भेजा जा रहा है। क्या ये कारण पर्याप्त नहीं है कि चेन्नई की टीम को आईपीएल से बर्खास्त कर दिया जाए ?


रही बात भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी की। क्रिकेट प्रेमी धोनी की इज्जत करते रहे हैं, वजह ये कि एक छोटे से शहर से निकल कर धोनी ने ना सिर्फ अपनी पहचान बनाई, बल्कि देश के लिए दो विश्वकप भी जीता। आज मेरी नजर में धोनी और उनके प्रदेश झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधुकोड़ा में कोई अंतर नहीं है। अंतर सिर्फ ये है कि एक जेल के अंदर है दूसरा जेल के रास्ते में। वजह ये कि चेन्नई सुपर किंग के मालिक गुरुनाथ मयप्पन ने पुलिस को जो बयान दिया है, उसमें कहा गया है कि सट्टेबाजी के लिए वो धोनी से सलाह-मशविरा करके पैसा लगाता था। अच्छा धोनी की पत्नी खुद स्टेडियम में सट्टेबाज बिंदु दारा सिंह के साथ दिखाई दीं। क्या ये वजह पर्याप्त नहीं है कि सट्टेबाजी में धोनी की भूमिका की अच्छी तरह जांच हो। चैंपियंस ट्राफी के लिए लंदन रवाना होने से पहले मंगलवार को शाम धोनी पत्रकारों के सामने जिस तरह गूंगे बने हुए थे, उससे तो यही लगा कि वो मीडिया के सामने नहीं बल्कि पुलिस के सामने बैठे हैं। धोनी को देखने से कोई भी आदमी यही कहेगा कि कुछ तो गड़बड़ जरूर है। वैसे भी आज तक इस बात का जवाब नहीं आ पाया है कि धोनी पत्नी साक्षी सट्टेबाद बिंदु दारा सिंह के साथ क्यों मैच देख रहीं थी ? मुझे लगता है कि जांच शुरू करने के पहले धोनी को कप्तानी से हटाया जाना जरूरी है, क्योंकि वो श्रीनिवासन की कंपनी इंडिया सीमेंट में वाइस प्रेसीडेंट हैं। जाहिर है उनका वहां से आर्थिक हित जुड़ा है, ऐसे में श्रीनिवासन और गुरुनाथ मयप्पन के खिलाफ वो कुछ नहीं बोल सकते।

श्रीनिवासन के अड़ियल रूख से तो ऐसा लग रहा है जैसे ये बीसीसीआई के अध्यक्ष ना होकर क्रिकेट इंडिया के अध्यक्ष हैं, इनके ऊपर देश का कोई कानून लागू ही नहीं होता है। क्रिकेट इनकी खुद की और दामाद की प्रापर्टी है। किसी की कुछ सुनने को ये राजी ही नहीं हैं। इतना बड़ा खुलासा हो गया कि खिलाड़ी सट्टेबाजी में शामिल हैं, चेन्नई सुपर किंग का मालिक सट्टेबाजी कर रहा है । यही नहीं इस बात का भी खुलासा हो गया कि खिलाड़ी, टीम के मालिक और अंपायर देह व्यापार में शामिल हैं। उन्हें बकायदा कालगर्ल मुहैय्या कराई जा रही हैं। होटल के सीसीटीवी कैमरे में सब कुछ कैद हो चुका है। ये पाकिस्तानी अंपायर तो पहले भी कालगर्ल के साथ पकड़ा जा चुका है। इसके बाद भी उसे इस बार आईपीएल में बुलाया गया। आखिर इस मामले में किसकी जवाबदेही है? पुलिस की जांच में जिस तरह की बातें सामने आ रही हैं, उससे साफ होता जा रहा है कि आईपीएल की आड़ में दूसरा ही धंधा फल फूल रहा है। इस घिनौनी करतूतों के सामने आने के बाद भी अगर श्रीनिवासन कहते हैं कि वो साफ सुथरे हैं, फिर तो अब पुलिस कार्रवाई के अलावा कुछ नहीं बचा है। मुझे लगता है कि पुलिस को छापा मारकर बीसीसीआई के दफ्तर पर भी तालाबंदी करनी चाहिए।

एक बात जो सबसे ज्यादा हैरान करती है वो ये कि इतना सबकुछ हो जाने के बाद भी बीसीसीआई में शामिल राजनेताओं को कुछ गलत नहीं लग रहा है। चाल,चरित्र और चेहरे की बात करने वाली पार्टी बीजेपी ने तो अपने मुंह पर कालिख ही पुतवा ली है। गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी जो प्रधानमंत्री पद के दावेदारों में सबसे आगे चल रहे हैं। लेकिन अभी तक बिल्कुल खामोश हैं। जब सबसे पड़ा नेता ही चुप है तो अरुण जेटली, अनुराग ठाकुर और दूसरे नेताओं से भला क्या उम्मीद की जा सकती है। जहां तक कांग्रेस का सवाल है, कल तक सभी चुप थे, लेकिन लगता है कि राजीव शुक्ला की वजह से पार्टी की हो रही छीछालेदर को अब हाईकमान ने नोटिस किया है। इसके बाद राजीव शुक्ला ने सीधे-सीधे श्रीनिवासन का इस्तीफा तो नहीं मांगा, लेकिन इतना जरूर कहा कि जब तक जांच चल रही है, तब तक वो दूर हो जाएं। इसके पहले कल नैतिकता के आधार पर ज्योतिर्रादित्य सिंधिया ने जरूर मुंह खोला और श्रीनिवासन का इस्तीफा मांगा। मामला बढता देख आज खेलमंत्री ने भी नैतिकता की दुहाई देते हुए श्रीनिवासन के इस्तीफे की मांग की। अब एक-एक कर लोग इशारे-इशारे में अपनी बात कह रहे हैं। इसी क्रम में एनसीपी नेता शरद पवार ने भी उन्हें हट जाने की सलाह दी है। लेकिन हद कर दी श्रीनिवासन ने... कह रहे हैं कि मेरे खिलाफ कोई मामला नहीं है, फिर मैं क्यों इस्तीफा दूं ? हाहाहाहहा । अभी दामाद ने कम गुल खिलाया है क्या ? या ये इंतजार कर रहे हैं कि परिवार के दूसरे सदस्य भी इस धंधे के लपेटे में आएं तो आप हटेंगे। 

सच कहूं तो पैसे ने सबका मुंह बंद कर रखा है। मेरा सवाल तो पुराने नामचीन क्रिकेटरों से भी है। पूर्व कप्तान कपिल देव, सुनिल गावस्कर, नवजोत सिंह सिद्दू, श्रीकांत, सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड, अनिल कुंबले, जगावल श्रीनाथ इन लोगों की एक आवाज है। क्यों नहीं खुल कर सामने आते। इन सब को शोहरत इसी क्रिकेट ने दी है, आज क्रिकेट की ही ऐसी तैसी की जा रही है। देश भर के क्रिकेट प्रेमियों को अभी भी खिलाड़ियों से उम्मीदें है, इसीलिए मांग हो रही है कि बीसीसीआई की जिम्मेदारी पूर्व खिलाड़ियों की दी जाए। लेकिन पूरे दिन टीवी पर बकर-बकर करने वाले खिलाड़ी भी आज गांधी जी के बंदर बने बैठे हैं। सचिन को तो लोग क्रिकेट का भगवान कहते हैं, क्या भगवान को आज कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा है, या अपने भगवान भी मजबूर हैं। वैसे हम सब जानते हैं कि क्रिकेट में फिक्सिंग कोई नई बात नहीं है। साल 2000 में दिल्ली पुलिस ने दक्षिण अफ्रीका के कप्तान हैंसी क्रोन्ये पर भारत के खिलाफ वनडे मैच में फिक्सिंग कराने का आरोप लगाया। हर्शेल गिब्स, पीटर स्ट्राइडम और निकी बोए पर भी उंगलियां उठी थीं। क्रोन्ये ने तो स्वीकार किया कि उन्होंने भारत में खेले गए एक दिवसीय सीरीज के दौरान अहम सूचनाएं 10 से 15 हजार डॉलर में बेचीं थीं।

याद कीजिए इसी साल यानि 2000 में ही मनोज प्रभाकर ने कपिल देव पर आरोप लगाया कि उन्होंने ही 1994 में श्रीलंका में खेले गए मुकाबले में पाकिस्तान के खिलाफ खराब प्रदर्शन करने को कहा था। इसी साल जुलाई में आयकर विभाग ने कपिल देव, अजहरुद्दीन, अजय जडेजा, नयन मोंगिया और निखिल चोपड़ा के घरों पर छापे मारे। अक्टूबर में क्रोन्ये पर आजीवन प्रतिबंध लगाया गया। नवंबर में अजहरुद्दीन को फिक्सिंग का दोषी पाया गया जबकि अजय जडेजा, मनोज प्रभाकर, अजय शर्मा और भारतीय टीम के पूर्व फीजियो अली ईरानी के संबंध सट्टेबाजों से होने की पुष्टि की गई। दिसंबर में अजहरुद्दीन पर आजीवन प्रतिबंध लगाया गया।


चलते-चलते
मेरा एक मित्र क्रिकेट का बहुत बड़ा प्रशंसक है। उससे आज फोन पर बात हो रही थी, बोला श्रीवास्तव जी आप लिखते रहो क्रिकेट के गोरखधंधे के खिलाफ, लेकिन कुछ नहीं होने वाला। हां इस खुलासे से लोगों को एक सुविधा जरूर हो गई है। अभी तक लोग मुंबई जाते थे, अगर उन्हें कालगर्ल या माँडल की जरूरत होती थी, तो बेवजह इधर उधर भटकते थे। अब सबको पता हो गया कि ये सुविधा विंदु दारा सिंह के यहां उपलब्ध है। सीधे फोन करेंगे और उनका काम हो जाएगा। विंदू का भी धंधा अब चमक जाएगा।