Showing posts with label सुरक्षा. Show all posts
Showing posts with label सुरक्षा. Show all posts

Saturday, 4 January 2014

क्या खतरनाक खेल में शामिल हैं केजरीवाल ?

आज सुबह से मित्रों के फोन आ रहे हैं और सब एक ही बात कह रहे हैं, भाईसाहब आप बिल्कुल सही कह रहे थे, अब हमें भी कुछ-कुछ समझ में आ रहा है, अरविंद केजरीवाल जो कह रहे हैं या कर रहे हैं वो सब महज दिखावा है, असल मकसद तो कुछ और ही लग  रहा है। दरअसल मैं तीन दिन लखनऊ में रहा, कुछ व्यस्तता के चलते खबरों से बिल्कुल कटा हुआ था। मित्रों ने ही मुझे फोन पर बताया कि केजरीवाल ने भी दिल्ली में फ्लैट पसंद कर लिया है, वो भी एक नहीं दो.. मैं चौंक गया कि दो फ्लैट क्यों ? पता चला कि अगल बगल के दो फ्लैट के पांच पांच कमरों को मिलाकर 10 कमरे का मुख्यमंत्री आवास तैयार किया जा रहा है। इन दोनों फ्लैट को लाखों रूपये खर्च कर चमकाने का भी काम  शुरू  हो गया है। बहरहाल न्यूज चैनलों पर खबर आई तो अब भाग खड़े हुए, कह रहे है, इससे छोटा आवास तलाशा जाए। अच्छा अभी इस मित्र ने फोन काटा ही था, दूसरे का फोन आ गया, कहने लगे अरे महेन्द्र जी आपका जवाब नहीं, जो आपने कहा था सब सामने आ रहा है। मैंने पूछा अब क्या हुआ, कहने लगे कि कल तक जो लोग मेट्रो और आटो में सफर करके न्यूज चैनलों की हेडलाइन बने हुए थे, आज सभी ने दिल्ली सरकार से इनोवा गाड़ी उठा ली, अब हर मंत्री शानदार लक्जरी गाड़ी पर चल रहा है। चलिए एक-एक कर सभी मुद्दों पर चर्चा करते हैं।

सबसे पहले केजरीवाल साहब के नए ठिकाने की बात करते हैं। दिल्ली के प्राइम लोकेशन भगवानदास रोड पर 7/6 डीडीए ऑफिसर्स कॉलोनी अब आम आदमी पार्टी के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का नया पता बनने को तैयार हो रहा है। वैसे तो मुख्यमंत्री की हैसियत से वो लुटिंयन दिल्ली में एक शानदार बंगले के हकदार हैं, इसमें कोई दो राय नहीं है। लेकिन खुद अरविंद ने ऐलान किया था कि उनका कोई भी मंत्री किसी तरह की सरकारी सुविधा यानि बंगला, मोटर, वेतन कुछ नहीं लेगा, हम सब सिर्फ जनता की सेवा करेंगे। लेकिन जब केजरीवाल ने पांच-पांच कमरों वाले दो फ्लैट लेने का फैसला किया तो दिल्ली वालों के कान खड़े हो गए। अरविंद केजरीवाल से पहले इस फ्लैट को देखने उनके माता-पिता पहुंच गए। सब ने ओके कर दिया, यहां तक कि इस फ्लैट को मुख्यमंत्री के रहने के काबिल बनाने के लिए लाखों रुपये पानी की तरह बहाने का फैसला भी हो गया और आनन-फानन में अफसरों ने काम भी शुरू कर दिया। खैर मीडिया में आज भी एक तपका ऐसा है जिसकी आंखे खुली हुई हैं। उसे लगा कि दिल्ली को इस बात की जानकारी होनी चाहिए कि अरविंद जो एक समय बड़ी - बडी बात कर रहे थे, दरअसल वो सच्चाई नहीं है, सच्चाई ये है कि अरविंद भी दूसरे राजनीतिक दलों और नेताओं से अलग नहीं है। खैर थोड़ी देर बाद टीवी पर अरविंद के शानदार फ्लैट की तस्वीर दिखाई जाने लगीं।

अब बारी थी अरविंद केजरीवाल की, दिल्ली वाले जानना चाहते थे कि आम आदमी के मुख्यमंत्री इस आरोपों का क्या जवाब देते हैं ? बहरहाल जवाब आया कि पहले जाकर शीला दीक्षित का आवास देखो फिर मेरे फ्लैट की तुलना करो। उनसे तो बहुत छोटा है मेरा फ्लैट। मुझे लगता है किसी आम आदमी के बीच के मुख्यमंत्री का इससे फूहड़ और गंदा जवाब हो ही नहीं सकता। इसका मतलब तो ये कि  मैं कहूं कि शीला ने मुख्यमंत्री रहते अगर भ्रष्ट तरीके से एक हजार करोड़ रुपये की हेराफेरी की है तो ढाई सौ करोड़ की हेराफेरी करने का आपका भी हक बन जाता है। क्यों केजरीवाल साहब आप ने ईमानदारी की ये नई परिभाषा गढ़ ली है। बहरहाल अभी केजरीवाल का कद उतना नहीं बढ़ा है कि मीडिया की पूरी तरह अनदेखी कर सकें। रात भर कुछ चैनल को छोड़कर ज्यादातर ने केजरीवाल को खूब खरी-खरी सुनाई और दिल्ली वालों को उनका असली चेहरा दिखाया, तब कहीं जाकर सुबह केजरीवाल मीडिया के सामने आए और कहा कि अब वो इस बड़े फ्लैट में नहीं रहेंगे। छोटा फ्लैट तलाशने के लिए अफसरों को कहा गया है। यहां एक सवाल है कि क्या केजरीवाल का भी मन डोल गया है सरकारी आवास को लेकर? क्या ये सच नहीं है कि मीडिया के दबाव में केजरीवाल ने ये फ्लैट छोड़ दिया, वरना तो उनके पापा मम्मी ने भी इस फ्लैट को ओके कर दिया था ?

अब दूसरी बात करते है, सरकारी गाड़ी को लेकर उनके विचार। केजरीवाल तीन दिन तक  ड्रामा करते रहे कि वो सरकारी गाड़ी नहीं लेगें, अपने निजी कार से दफ्तर जाएंगे। मीडिया ने उनके इस फैसले को बढ़ा चढ़ाकर खूब चलाया। तीन दिन तक हर चैनल पर उनकी नीले रंग की कार दौड़ती भागती दिखाई दे रही थी। न्यूज चैनल पर केजरीवाल भाषण देते रहे कि यहां से वीआईपी कल्चर खत्म करेंगे और पब्लिक ट्रांसपोर्ट को बढ़ावा देंगे। ड्रामेबाजी का आलम ये कि केजरीवाल ने शपथ लेने के लिए आधा रास्ता मेट्रो से तय किया, बाद में अपनी कार से गए। हालाकि ये अलग बात है कि उनके लिए अलग ही मेट्रो ट्रेन की व्यवस्था की गई थी। अब उनके मंत्री दो कदम आगे निकले, वो सुबह उठते ही न्यूज चैनलों को फोन करते और बताते कि सुबह साढ़े नौ बजे घर से सचिवालय के लिए निकलेंगे और पहले आटो से मालवीयनगर मेट्रो स्टेशन जाएंगे, फिर मेट्रो से सचिवालय जाएंगे। अगर न्यूज चैनल के रिपोर्टर जाम में फंस गए तो मंत्री भी घर से नहीं निकल रहे थे। वो भी रिपोर्टरों के आने के बाद ही आटो पर बैठे। खैर ये ड्रामा भी ज्यादा दिन नहीं चल पाया। अब मुख्यमंत्री सहित सभी मंत्रियों के पास शानदार सरकारी लक्जरी गाड़ी है। सभी गाड़ियों पर वीवीआईपी नंबर है। मैं पूछना चाहता हूं कि केजरीवाल साहब ये तीन दिन अपनी बैगनआर कार पर चल कर आप क्या बताना चाहते थे ? क्या ये कि आपके पास भी कार है ! अब आपके मंत्रियों ने भी कार लपक ली, कहां गया आपका पब्लिक ट्रांसपोर्ट प्रेम ?

अच्छा आप पानी बिजली पर बड़ी बड़ी बातें कर रहे हैं। जनता को हकीकत क्यों नहीं बताते। आपने जिस तपके यानि मीडिल क्लास को ध्यान में रखकर पानी की बात की, पूरी दिल्ली जानती है कि आपके फरमान से उसे कोई फायदा नहीं होने वाला है। दिल्ली में झुग्गी झोपड़ी या फिर अवैध कालोनी में पानी पहुंच ही नहीं रहा है, मीटर की तो बात ही दूर है। हां मीडिल क्लास तपका हाउसिंग सोसाइटी में रहते हैं, जहां सबके अलग-अलग कनेक्शन नहीं है, पूरी सोसाइटी का एक कनेक्शन है। ऐसे में मुझे तो नहीं लगता कि किसी को फायदा होगा। दूसरा आपने बिजली के बिल को आधा करने की बात की थी, लेकिन अब उसमें चालाकी कर दी आपने। चुनाव के पहले आपने बिजली कंपनियों को चोर बताया था और कहा था कि इन पर शिकंजा कसा जाएगा। हो क्या रहा है कि आप ने तो इन्हीं बिजली कंपनियों को करोडो रुपये सौंपने की तैयारी कर ली। बिजली का बिल कम करने के लिए सब्सिडी का क्या मतलब है ? केजरीवाल साहब सब्सिडी आप अपने घर से नहीं हमारी जेब से दे रहे हैं। हमारे टैक्स के पैसे जिसे कहीं विकास के काम में लगाया जा सकता था, वो पैसा आप बिजपी कंपनियों को दे रहे हैं, फिर मेरा सवाल है कि अब आप में और कांग्रेस में अंतर क्या है ? दोनों के लिए ही आम आदमी से कहीं ज्यादा बिजली कंपनियो की फिक्र है। फिर बड़ी बात तो ये है कि अभी तो बजट पास नहीं हुआ, आपके पास पैसे ही नहीं है, ऐसे में आप सब्सिडी दे कैसे सकते हैं ? केजरीवाल साहब कहीं ऐसा तो नहीं कि आपको दिल्ली सरकार के घाघ अफसर मूर्ख बना रहे हैं ?

वैसे आप अपनी बातों पर ज्यादा समय तक कायम नहीं रह पाएंगे, इस बात का आभास तो आपके शपथ ग्रहण समारोह में ही हो गया था। आप ने कहाकि सादगी से समारोह होगा, कोई वीआईपी नहीं होगा, सब आम आदमी होंगे। केजरीवाल साहब आपकी आंखों पर पट्टी पड़ी हुई थी क्या ? आपने देखा नहीं कि आम आदमी रामलीला मैदान में किस तरह से धक्के खा रहा था और खास आदमी सोफे और शानदार सफेद कवर चढ़ी कुर्सियों पर विराजमान था। क्या आप अभी भी इस बात से इनकार कर सकते हैं कि आपके समारोह में खास लोगों के लिए वीआईपी इंतजाम नहीं था ? हां भूल गया था, आप सुरक्षा को लेकर भी काफी कुछ कहते रहे हैं। पुलिस विभाग के रिकार्ड बता रहे हैं कि आपकी सुरक्षा में काफी पुलिस बल शामिल है। अगर आप सुरक्षा लेते तो 10-20 पुलिस कर्मी आपके साथ हो जाते, लेकिन सुरक्षा ना लेने की वजह से जहां से आप का आना जाना होता है, उस पूरे एरिया में सुरक्षा बलों को तैनात किया जाता है। बताते हैं की तीन सौ से चार सौ पुलिस वाले आपके आस पास रहते हैं। इससे तो बेहतर यही होता कि आप सुरक्षा ले लें। खैर ये वो बातें हैं जो आप दावा करते रहे और खोखली साबित हुई..

केजरीवाल साहब अब मैं कुछ गंभीर मुद्दा उठाना चाहता हूं। विधानसभा के भीतर आप पर एक गंभीर आरोप लगा, कि आप ने अपने एनजीओ में विदेशों से चंदा लिया। आप जिससे चंदा लेते हैं उसके क्रिया कलाप जानने की कोशिश करते हैं? मेरी जानकारी है कि ये संस्थाएं   लोकतंत्र को अस्थिर करने का काम करती हैं। मेरा सवाल है कि विधानसभा में आपने इस आरोप का जवाब क्यों नहीं दिया ? विधानसभा के रिकार्ड में आप पर आर्थिक धांधलेबाजी के आरोप दर्ज हो गया है। लेकिन उस दौरान आप मौजूद थे, फिर भी इस पूरे मामले में खामोश हैं, दिल्ली की नहीं देश की जनता सच्चाई जानना चाहती है। कुछ बातें हैं जो आपको जानना जरूरी है।

केजरीवाल का  काला सच !

दरअसल अमेरिकी नीतियों को पूरी दुनिया में लागू कराने के लिए अमेरिकी खुफिया ब्यूरो  ‘सेंट्रल इंटेलिजेंस एजेंसी (सीआईए)’ अमेरिका की मशहूर कार निर्माता कंपनी ‘फोर्ड’ द्वारा संचालित ‘फोर्ड फाउंडेशन’ और कई अन्य फंडिंग एजेंसी के साथ मिलकर काम करती है। 1953 में फिलिपिंस की पूरी राजनीति और चुनाव को सीआईए ने अपने कब्जे में ले लिया था। भारत अरविंद केजरीवाल की ही तरह सीआईए ने उस वक्त फिलिपिंस में ‘रेमॉन मेग्सेसाय’ को खड़ा किया था और उन्हें फिलिपिंस का राष्ट्रपति तक बनवा दिया था। अरविंद केजरीवाल की ही तरह ‘रेमॉन मेग्सेसाय’ का भी पूर्व का कोई राजनैतिक इतिहास नहीं था। उन्हीं ‘रेमॉन मेग्सेसाय’ के नाम पर एशिया में अमेरिकी नीतियों के पक्ष में माहौल बनाने वालों, वॉलेंटियर तैयार करने वालों, अपने देश की नीतियों को अमेरिकी हित में प्रभावित करने वालों, भ्रष्‍टाचार के नाम पर देश की चुनी हुई सरकारों को अस्थिर करने वालों को ‘फोर्ड फाउंडेशन’ व ‘रॉकफेलर ब्रदर्स फंड’ मिलकर अप्रैल 1957 से ‘रेमॉन मेग्सेसाय’ अवार्ड प्रदान कर रही है। ‘आम आदमी पार्टी’ के संयोजक अरविंद केजरीवाल को वही ‘रेमॉन मेग्सेसाय’ पुरस्कार मिल चुका है और सीआईए के लिए फंडिंग करने वाली उसी ‘फोर्ड फाउंडेशन’ के फंड से उनका एनजीओ ‘कबीर’ और ‘इंडिया अगेंस्ट करप्शन’ मूवमेंट खड़ा हुआ है।

‘फोर्ड फाउंडेशन’ के एक अधिकारी स्टीवन सॉलनिक के मुताबिक ‘‘कबीर को फोर्ड फाउंडेशन की ओर से वर्ष 2005 में 1 लाख 72 हजार डॉलर एवं वर्ष 2008 में 1 लाख 97 हजार अमेरिकी डॉलर का फंड दिया गया।’’ यही नहीं, ‘कबीर’ को ‘डच दूतावास’ से भी मोटी रकम फंड के रूप में मिला है। अमेरिका के साथ मिलकर नीदरलैंड भी अपने दूतावासों के जरिए दूसरे देशों के आंतरिक मामलों में अमेरिकी-यूरोपीय हस्तक्षेप बढ़ाने के लिए वहां की गैर सरकारी संस्थाओं यानी एनजीओ को जबरदस्त फंडिंग करती है। अंग्रेजी अखबार ‘पॉयनियर’ में प्रकाशित एक खबर के मुताबिक डच यानी नीदरलैंड दूतावास अपनी ही एक एनजीओ ‘हिवोस’ के जरिए नरेंद्र मोदी की गुजरात सरकार को अस्थिर करने में लगे विभिन्‍न भारतीय एनजीओ को अप्रैल 2008 से 2012 के बीच लगभग 13 लाख यूरो, मतलब करीब सवा नौ करोड़ रुपए की फंडिंग कर चुकी है।  इसमें एक अरविंद केजरीवाल का एनजीओ भी शामिल है। ‘हिवोस’ को फोर्ड फाउंडेशन भी फंडिंग करती है।

डच एनजीओ ‘हिवोस’  दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में केवल उन्हीं एनजीओ को फंडिंग करती है,जो अपने देश व वहां के राज्यों में अमेरिका व यूरोप के हित में राजनैतिक अस्थिरता पैदा करने की क्षमता को साबित करते हैं।  इसके लिए मीडिया हाउस को भी जबरदस्त फंडिंग की जाती है। एशियाई देशों की मीडिया को फंडिंग करने के लिए अमेरिका व यूरोपीय देशों ने ‘पनोस’ नामक संस्था का गठन कर रखा है। दक्षिण एशिया में इस समय ‘पनोस’ के करीब आधा दर्जन कार्यालय काम कर रहे हैं। 'पनोस' में भी फोर्ड फाउंडेशन का पैसा आता है। माना जा रहा है कि अरविंद केजरीवाल के मीडिया उभार के पीछे इसी ‘पनोस' के जरिए 'फोर्ड फाउंडेशन' की फंडिंग काम कर रही है।


Saturday, 27 April 2013

अमेरिका : मां डायन तो बेटा भी होगा राक्षस !


भारत माता को सार्वजनिक रूप से नंगा करने वाले नेता जब खुद नंगे होते हैं तो कैसी तिलमिलाहट होती है, दो दिन से ये देख रहा हूं। भारत माता को डायन कहने वाले यूपी के मंत्री आजम खां ने आज तक अपने विवादित बयान के लिए माफी नहीं मांगी। ऐसे में हम अमेरिकी एयरपोर्ट के अधिकारियों को भला बुरा क्यों कहें, उन्होंने भी सोचा होगा कि जब मां डायन है, तो बेटा भी राक्षस ही होगा। इसीलिए उन्होंने इस कद्दावर नेता के कपड़े उतार लिए और अच्छी तरह से जांच पड़ताल की। मीडिया को मसाला मिल गया, अब दो दिन से ये खबर सुर्खियों में है, खबर क्या है, अमेरिका गए यूपी के नगर विकास मंत्री आजम खां से सुरक्षा अधिकारियों ने कुछ ज्यादा पूछताछ कर ली। खां साहब का कहना है कि वो मुसलमान हैं, इसलिए उनसे इस तरह से पूछताछ की गई। मुझे लगता है कि उनकी बात पूरी तरह सही है। लेकिन खां साहब एक बात बताइये, क्या आपको पहले नहीं पता था कि अमेरिकी एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच कुछ ज्यादा ही सख्त है। आपको याद होना चाहिए कि पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम साहब को भी वहां अपमानित होना पड़ा था, इतना ही नहीं अभिनेता शाहरुख खान को देश और दुनिया में भला कौन नहीं पहचानता, लेकिन वो भी वहां रोके जा चुके हैं, उन्हें भी सुरक्षा अधिकारियों की बदसलूकी से दो चार होना पड़ा। यहां तक की समाजवादी नेता जार्ज फर्नाडीज और अमेरिका में भारत के राजदूत रहीं मीरा शंकर राव को भी ऐसे हालात से गुजरना पड़ा है।

खां साहब सच कहूं तो मैं भी इस मत का हूं कि आज इतने अत्याधुनिक उपकरण मौजूद हैं, जिससे शरीर के भीतर भी अगर कुछ छिपाया गया हो तो उसका पता आसानी से चल जाता है, ऐसे में एयरपोर्ट पर एक-एक कपड़े उतरवा कर यानि पूरी तरह नंगा कर जांच पड़ताल करना सही नहीं है। लेकिन फिर सवाल उठता है कि जब सुरक्षा के मामले में अमेरिकी नागरिक को कोई तकलीफ नहीं है, वो अपनी सरकार के साथ खड़े हैं और जांच में पूरी तरह सहयोग करते हैं, फिर आप कौन सा वहां रोज रोज जा रहे हैं कि आपको तकलीफ है। अमेरिका की चुस्त व्यवस्था का ही नतीजा है कि वहां आतंकी हमले आसान नहीं है। मुझे तो उनकी सुरक्षा व्यवस्था से कोई तकलीफ नहीं है। अमेरिका पर जैसा आतंकवादी हमला हो चुका है, अगर उसके बाद वो सतर्क है तो इसमें तो किसी को कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए। सबको पता है कि वहां सुरक्षा को लेकर कई बार वीआईपी को दुर्व्यवहार का सामना करना पड़ता है। अगर नेताओं को सुरक्षा अधिकारियों के सामने नंगे होने में शर्म लगती है तो उन्हें अमेरिका जाने से बचना चाहिए। क्यों देश और दुनिया में अपनी किरकिरी कराते फिर रहे हैं।  

मुझे हसी आती है क्योंकि खां साहब को लगता है कि उनके पास राजनयिक पासपोर्ट है, इसलिए उन्हें हर प्रकार की जांच से छूट है, वो कुछ भी कर सकते हैं। दरअसल जो लोग खां साहब को करीब से जानते हैं, उन्हें पता होगा कि जब वो मंत्री बनते हैं तो मंत्री कम दरोगा ज्यादा दिखाई देते हैं। अपने शहर रामपुर में तो उनका ऐसा आतंक हो जाता है कि तमाम लोग रात बिरात घर से निकलना बंद कर देते हैं। गलत ढंग से गाड़ी चलाई तो आजम साहब अपने शहरवालों को रोक कर पिटाई तो करते ही हैं, बीच चौराहे पर मुर्गा बनाते हैं। कई बार अपने साथ चलने वाले सुरक्षा गार्डों से लोगों को पिटवाते हैं। उनके लिए ट्रेन में सफर के दौरान हंगामा भी सामान्य बात है। बात पुरानी है लेकिन बता दें कि एक बार उन्होंने ट्रेन के "कोच अटेंडेंट" को खुद भी मारा और अपने साथ चल रहे समर्थकों से भी पिटवाया। जानते हैं अटैंडेंट की गलती क्या थी, बस ये कि खान साहब के साथ बिना टिकट जो लोग सफर कर रहे थे  उन्हें दोबारा चिकन करी देने से उसने इनकार कर दिया था। अब आजम साहब को कौन बताए कि ईश्वर के यहां देर है, अंधेर नहीं। आप ट्रेन में,  अपने शहर में तमाम लोगों को रोजाना नंगा करते रहते हैं, बस ईश्वर ने आपके लिए नंगा होने का स्थान अमेरिका के बोस्टन शहर को चुना।

अमेरिका में सुरक्षा जांच

अच्छा सबसे जरूरी बात तो बताने से ही रह गया। आपको पता है कि ये जनाब अमेरिका गए क्यों हैं ? यूपी सरकार को कुछ भ्रम हो गया हैं, इनका दावा है कि इलाहाबाद का महाकुंभ इनकी  व्यवस्था के चलते कामयाब हुआ। अब कौन बताए कि यहां पहली बार तो महाकुंभ था नहीं, हर बार कुंभ होता है और एक पुराने ढर्रे पर व्यवस्था चली आ रही है। नया क्या कर दिया इस बार मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने या फिर आजम साहब ने। फिर खान साहब बताइये ना कि आपने रेलवे स्टेशन पर हादसे में तमाम लोगों की मौत के बाद जनता के आक्रोश को देखते हुए महाकुंभ तैयारी समिति के अध्यक्ष का पद छोड़ दिया था। देश भर में आप सब की थू थू हुई, सूबे की सरकार पर उंगली उठी। इसके बाद भी आप अपनी पीठ खुद ही थपथपाए जा रहे हैं। खान साहब आपको इन बातों में भरोसा नहीं होगा लेकिन मैं बताता हूं कि महाकुंभ क्यों कामयाब हुआ। इसकी कामयाबी की वजह गंगा और यमुना मइया हैं, इसकी कामयाबी की वजह वो सरस्वती नदी है जो खुद विलुप्त हो जाने के बाद भी  इस स्थान को त्रिवेणी बना गई। कुंभ की कामयाबी की वजह देश भर के साधु- संतो और अखाड़ों का पुण्य प्रताप है, जो यहां पूरे समय जमें रहते हैं। कामयाबी की वजह देश और दुनिया के करोड़ों श्रद्धालुओं की महाकुंभ में आस्था है। जो मुख्यमंत्री महाकुंभ की कामयाबी  की वजह खुद को मानता है वो "मूर्ख" है। यही वजह है कि अमेरिका पहुंचने के बाद भी विश्वविद्यालय में व्याख्यान नहीं दे पाए। इन मूर्खों से सिर्फ एक सवाल पूछा जाए कि आप सरकार में कब आए और महाकुंभ की तैयारी कब से चल रही थी ?

आजम साहब, अब आपको पता चला ना कि सार्वजनिक रुप से किसी को अपमानित करने से कैसी तिलमिलाहट होती है? बीएसपी की सरकार के दौरान तो आपकी बोलती बंद रहती है, लेकिन जैसे ही आप सत्ता में आते हैं आग उगलते हैं। चलिए वो आपका स्वभाव है, एक बार में नहीं जाने वाला। खैर बोस्टन में लोगान अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा पर आपके साथ हुई बदसलूकी को भारत सरकार ने गंभीरता से लिया है, इस मामले को भारतीय दूतावास ने अमेरिकी विदेश विभाग के अधिकारियों के सामने उठाया है। लेकिन मैं अभी भी इस मत का हूं कि अमेरिका के विदेश विभाग को शिकायत करने के बजाए, अमेरिका की तर्ज पर ही अपनी सुरक्षा व्यवस्था को मुकम्मल बनाया जाना चाहिए। जब अमेरिकियों की भी यहां पैंट उतारी जाएगी, तब इस मुद्दे पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा शुरू होगी। लेकिन हम तो अमेरिका के सामने गीदड़ बन जाते हैं,  ऐसे में करते रहिए शिकायत, सुन कौन रहा है।

आपको बता दूं कि हवाई अड्डों की सुरक्षा को लेकर केवल भारत सरकार ही नहीं बल्कि दुनिया भर की सरकारें काफी गंभीर रहती हैं। क्योंकि कहीं भी अगर कोई लापरवाही हो गई तो हवाई जहाज के जरिए संदिग्ध व्यक्ति कहीं भी जा सकता है। इसलिए देश में विभिन्न एयर लाइंस की सिक्योरिटी विंग और सीआईएसएफ  के अधिकारियों को सुरक्षा संबंधी जिम्मेदारी सौंपने के पहले एक 15 दिन की परीक्षा ली जाती है। जिससे ये पता चल सके कि जिन अफसरों को लगाया गया है वो सुरक्षा संबंधी नियमों और बारीकियों से वाकिफ हैं या नहीं। हैरानी की बात ये है कि कुछ दिन पहले हुई परीक्षा में एयर इंडिया के 21 अफसर शामिल हुए, जिसमें सभी फेल हो गए। डायल एयरलाइंस के 20 अफसरों में 18 फेल हो गए, जबकि स्पाइस जेट के 7 अफसरों मे चार फेल हो गए। सबसे बड़ी बात कि सभी हवाई अड्डों की सुरक्षा इन दिनों सीआईएसएफ के पास है, इसके 35 अफसरों ने परीक्षा दी, जिसमें 22 फेल हो गए। परीक्षा में खासतौर पर टर्मिनल के प्रवेश और निकास, इन लाइन बैगेज सिस्टम, फ्रिक्सिंग, एक्सरे और बोर्डिंग गेट आदि शामिल हैं। आप जानते ही हैं कि इनमें से कहीं भी चूक हुई तो उसके कितने गंभीर परिणाम हो सकते हैं। इसके पहले एक परीक्षा आठ से 21 जनवरी 13 के बीच हुई थी। इसमे एयर इंडिया, इंडिगो, स्पाइस जेट और सीआईएसएफ के कुल 103 सुरक्षा अधिकारी शामिल हुए। पता है 103 में 97 अफसर फेल हो गए। जब हवाई अड्डे की सुरक्षा का ये हाल है तो आप यहां रेलवे स्टेशन या फिर बस स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था का हाल आसानी से समझ सकते हैं।

अमेरिका में सुरक्षा जांच 

बहरहाल ज्यादा हल्ला मचाने की जरूरत नहीं है, क्योंकि आजम साहब आपको पता होना चाहिए कि अपने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने आज तक ऐसी हैसियत ही नहीं बनाई कि वो अमेरिका से आंख मिलाकर बात कर सकें। इस मामले में मैं आज भी पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की तारीफ करूंगा, जिन्होंने तमाम विरोध के बाद भी परमाणु परीक्षण किया और अमेरिकी प्रतिबंधों के बाद भी डट कर खड़े रहे। आज के प्रधानमंत्री में शरीर की सबसे महत्वपूर्ण रीढ की हड्डी ही नहीं है। मुझे तो कोई आश्चर्य नहीं होगा जब कुछ दिन बाद पता चले कि अमेरिका ने अपने प्रधानमंत्री की भी उसी तरह जांच की थी, जैसे और लोगों की होती है। वैसे भी प्रधानमंत्री और उनका पूरा मंत्रीमंडल देश में जितना नंगा हो चुका है, उसके बाद बचा क्या है जिस पर वो शर्मिंदा हों। ये मंत्रीमंडल कभी  अमेरिका जाएगा तो हवाई जहाज से उतरते ही खुद नंगे हो जाएंगे और वहां अखबारों में इनकी तस्वीर छपेगी कि ये सुरक्षा में कितनी मदद करते हैं। शर्म, शर्म, शर्म !

चलते-चलते

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव युवा हैं, सियासी तजुर्बा कम है, इसलिए पागलपन कर जाते हैं। उन्हें मैं हतोत्साहित नहीं करना चाहता, लेकिन उन्हें अपने चाचा लालू यादव का हाल देखना चाहिए ना। अमेरिकी उन्हें "मैनेजमेंट गुरु" बता रहे थे। उन्होंने भी अमेरिका के कई विश्वविद्यालयों जाकर प्रबंधन का गुर सिखाया। आज क्या हालत है लालू यादव की ? चाचा वाली बेवकूफी से बचना होगा अखिलेश यादव जी, लोकसभा चुनाव है, उसकी तैयारी में जुट जाइये। अमेरिका जाना हो तो डिम्पल मैडम के साथ जाइये, कहां आजम खां और अभिषेक के चक्कर में पड़ जाते हैं। अब ऐसा मत कीजिएगा।